Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

रेणुका क्षेत्र में मुरूम की खुदाई का मामला: पोकलेन-जेसीबी से खुदाई, डंपरों से कॉलोनियों तक पहुंच रहा मुरूम

By
On:

खबरवाणी

रेणुका क्षेत्र में मुरूम की खुदाई का मामला: पोकलेन-जेसीबी से खुदाई, डंपरों से कॉलोनियों तक पहुंच रहा मुरूम

बुरहानपुर शहर के रेणुका क्षेत्र में इन दिनों मुरूम की खुदाई का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार यहां पोकलेन मशीन की मदद से बड़े पैमाने पर मुरूम की खुदाई की जा रही है। खुदाई के बाद पोकलेन मशीन के माध्यम से मुरूम डंपरों में भरकर शहर की विभिन्न कॉलोनियों तक पहुंचाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि यह गतिविधि पिछले कई दिनों से लगातार चल रही है, लेकिन संबंधित विभाग के अधिकारियों को इसकी जानकारी नहीं होने या कार्रवाई नहीं होने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
सुत्रो से मिली जानकारी के अनुसार रेणुका क्षेत्र में आए दिन भारी मशीनों की आवाज और डंपरों की आवाजाही देखी जा रही है। दिन के साथ-साथ रात के अंधेरे में भी मुरूम की खुदाई किए जाने की बात सामने आ रही है। रात के समय मशीनों के संचालन और डंपरों की आवाजाही से आसपास के रहवासियों को परेशानी का सामना भी करना पड़ रहा है।
सूत्रों के अनुसार खुदाई के बाद मुरूम को पोकलेन मशीन से सीधे डंपरों में भरा जाता है और फिर शहर की कॉलोनियों में निर्माण कार्य के लिए पहुंचाया जाता है। इस दौरान भारी वाहनों का लगातार परिवहन भी देखा जा रहा है, जिससे सड़क सुरक्षा और नियमों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि मुरूम की खुदाई विधिवत अनुमति के साथ की जा रही है तो इसकी जानकारी सार्वजनिक क्यों नहीं की गई है। साथ ही वाहनों पर खनिज परिवहन से संबंधित आवश्यक दस्तावेज या चिन्ह (चालान/रॉयल्टी पर्ची) भी दिखाई नहीं दे रहे हैं। ऐसे में यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है कि यह कार्य वैध अनुमति के तहत किया जा रहा है या बिना अनुमति के।
नियमों के अनुसार किसी भी प्रकार के खनिज की खुदाई और परिवहन के लिए संबंधित विभाग से अनुमति लेना अनिवार्य होता है। साथ ही परिवहन के दौरान वाहनों पर रॉयल्टी पर्ची और अन्य आवश्यक दस्तावेज होना भी जरूरी माना जाता है। यदि बिना अनुमति के खनिज की खुदाई या परिवहन किया जाता है तो यह खनिज नियमों का उल्लंघन माना जाता है और इस पर कार्रवाई का प्रावधान भी है।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि संबंधित विभाग को इस मामले की जांच कर यह स्पष्ट करना चाहिए कि रेणुका क्षेत्र में हो रही मुरूम की खुदाई वैध अनुमति के तहत हो रही है या नहीं। यदि नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके।

For Feedback - feedback@example.com
Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News