Menstrual Health: पीरियड्स हर महिला के लिए एक प्राकृतिक प्रक्रिया है, लेकिन इसके दौरान होने वाला दर्द, थकान, क्रैम्प्स और मूड स्विंग कभी-कभी असहनीय हो जाता है। कई बार इसका कारण हमारी रोज़मर्रा की आदतें ही होती हैं, जिन्हें हम अनजाने में दोहराते रहते हैं। योग और डाइट एक्सपर्ट समृति बताती हैं कि कुछ छोटी–छोटी सावधानियां दर्द को काफी हद तक कम कर सकती हैं।
पहली बड़ी गलती – पीरियड्स के पहले 3 दिन बाल धोना
एक्सपर्ट समृति के अनुसार, पीरियड्स के पहले तीन दिनों में बाल धोने से शरीर का तापमान कम हो जाता है। शरीर ठंडा पड़ने पर पेट और कमर के दर्द में बढ़ोतरी होती है और कई महिलाओं को अचानक कमजोरी महसूस होने लगती है। यही वजह है कि पुराने समय से ही महिलाओं को पीरियड्स की शुरुआत में सिर धोने से बचने की सलाह दी जाती है।
दूसरी गलती – जंक फूड की तलब पूरी करना
पीरियड्स के दौरान महिलाओं में आउटसाइड फूड खाने की इच्छा ज़्यादा होती है, खासकर पिज्जा, बर्गर और तला–भुना खाना। लेकिन एक्सपर्ट्स का कहना है कि जंक फूड पेट फूलने, गैस बनने और क्रैम्प्स को और ज्यादा परेशान कर सकता है। इस दौरान शरीर को हल्का, घर का बना, गर्म और पोषक खाना चाहिए ताकि एनर्जी लेवल बना रहे।
तीसरी गलती – एक्सरसाइज में ओवरडू करना
कई महिलाएं सोचती हैं कि ज्यादा एक्सरसाइज करने से पीरियड्स में दर्द कम हो जाएगा। लेकिन सच इसके उल्टा है। भारी एक्सरसाइज से शरीर थक जाता है, मांसपेशियों पर दबाव बढ़ता है और क्रैम्प्स और ज्यादा तीखे हो सकते हैं। एक्सपर्ट समृति का कहना है कि पीरियड्स के दिनों में सिर्फ हल्की वॉक, स्ट्रेचिंग और योग ही करें।
छोटे-छोटे बदलाव दर्द को आधा कर सकते हैं
पीरियड्स के दिनों में महिलाएं अक्सर खुद को मजबूर कर देती हैं—कभी काम में, कभी एक्सरसाइज में, तो कभी जंक फूड की इच्छा पूरी करने में। लेकिन अगर इन 3 गलतियों से बचा जाए, तो पीरियड्स काफी आसान हो सकते हैं। गर्म पानी पिएं, हल्का भोजन करें और शरीर को आराम दें—यही असली केयर है।





