Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

करन-अर्जुन की रफ्तार ने मचाया धमाल, बैलगाड़ी दौड़ में झरना की जोड़ी अव्वल

By
On:

खबरवाणी

करन-अर्जुन की रफ्तार ने मचाया धमाल, बैलगाड़ी दौड़ में झरना की जोड़ी अव्वल

एक सौ से अधिक बैलगाड़ियों की टक्कर में दिखा रोमांच, आज सामान्य पट प्रतियोगिता का फाइनल होगा और बढ़ेगा मुकाबले का जोश

भौंरा । मां विजासन माई मेले के अंतर्गत मंगलवार को आयोजित एक दिवसीय क्षेत्रीय बैलगाड़ी दौड़ प्रतियोगिता में रोमांच और प्रतिस्पर्धा का अद्भुत माहौल देखने को मिला। प्रतियोगिता में 100 से अधिक बैलगाड़ियों ने भाग लेकर अपनी गति और कौशल का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में ग्राम झरना के संजय यादव की बैल जोड़ी करन-अर्जुन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 6 सेकंड 15 पॉइंट में दौड़ पूरी कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं ग्राम कुसमेरी के अरमान यादव की बैल जोड़ी 6 सेकंड 25 पॉइंट के समय के साथ द्वितीय स्थान पर रही। तीसरे स्थान पर ग्राम सोमूखेड़ा के विनोद धुर्वे की बैल जोड़ी रही, जिन्होंने 6 सेकंड 29 पॉइंट में दौड़ पूरी की।
प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में आसपास के ग्रामीण अंचलों से आए प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिससे पूरे दिन मैदान में उत्साह और प्रतिस्पर्धा का माहौल बना रहा। दर्शकों की भारी भीड़ ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
इधर, बुधवार से सामान्य बैलगाड़ी दौड़ पट प्रतियोगिता का शुभारंभ भी हो गया है। पहले ही दिन इसमें एक सैकड़ा से अधिक बैलगाड़ियों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में बैतूल, हरदा और नर्मदापुरम सहित विभिन्न जिलों से आई बैल जोड़ियां हिस्सा ले रही हैं, जिससे प्रतियोगिता का स्तर और प्रतिस्पर्धा दोनों बढ़ गए हैं।
जानकारी के अनुसार, सामान्य पट प्रतियोगिता का फाइनल गुरुवार को आयोजित किया जाएगा, जिसमें भी सैकड़ों बैलगाड़ियों के शामिल होने की संभावना है।
मेला समिति में बैलगाड़ी दौड़ प्रतियोगिता के अध्यक्ष रमेश गुप्ता ने बताया कि प्रतियोगिता को सुव्यवस्थित और निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में प्रतिभागियों की भागीदारी देखने को मिल रही है, जो इस पारंपरिक खेल के प्रति लोगों के उत्साह और जुड़ाव को दर्शाता है।
इस पट प्रतियोगिता में समिति के रूपनारायण मालवीय, प्रेम उदयपुरे, बदामी कहार सहित अनेक लोगों का विशेष सहयोग रहा

For Feedback - feedback@example.com
Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News