T20 वर्ल्ड कप 2026 के अपने पहले मुकाबले में भारत ने अमेरिका को हराया जरूर, लेकिन जीत इतनी आसान नहीं रही। मुंबई के मशहूर वानखेड़े स्टेडियम, जिसे बल्लेबाज़ों का स्वर्ग माना जाता है, वहीं टीम इंडिया की बैटिंग पूरी तरह लड़खड़ा गई। मैच के बाद भारतीय उप-कप्तान अक्षर पटेल ने खुलकर माना कि पिच ने सभी को चौंका दिया।
वानखेड़े की पिच ने किया हैरान, 3 ओवर में समझ आया खेल
अक्षर पटेल ने कहा कि आमतौर पर वानखेड़े की पिच फ्लैट होती है, जहां रन बनते हैं। लेकिन इस मैच में ऐसा बिल्कुल नहीं था।
उन्होंने बताया, “हमें करीब 3 ओवर लगे ये समझने में कि पिच कैसी है और यहां अच्छा स्कोर क्या होगा।” टीम इंडिया पूरे आत्मविश्वास के साथ उतरी थी, लेकिन विकेट के अलग व्यवहार ने शुरुआती बल्लेबाज़ों को परेशान कर दिया।
77/6 पर फंसी टीम इंडिया, सूर्या ने संभाला मोर्चा
भारतीय टीम एक समय 77 रन पर 6 विकेट गंवा चुकी थी। लग रहा था कि भारत 130 तक भी नहीं पहुंच पाएगा। ऐसे मुश्किल हालात में कप्तान सूर्यकुमार यादव चट्टान की तरह डटे रहे। सूर्या ने 49 गेंदों पर नाबाद 84 रन ठोके और टीम को 161/9 तक पहुंचाया। यही पारी मैच का टर्निंग पॉइंट साबित हुई।
ड्रेसिंग रूम में था दबाव, लेकिन भरोसा कायम
अक्षर ने माना कि पहले ही मैच में ऐसी बैटिंग कोलैप्स से ड्रेसिंग रूम में दबाव जरूर था।
उन्होंने कहा, “ऐसा टूर्नामेंट के पहले मैच में हो जाए तो टेंशन होती है, लेकिन अच्छा है कि ये शुरुआत में हुआ। इससे हमें सीख मिली।” टीम को अब पिच को पढ़ने और हालात के हिसाब से खेलने का अनुभव मिल गया।
हर पिच पर एक जैसी बैटिंग नहीं चलती
अक्षर पटेल ने साफ कहा कि विकेट के हिसाब से खेलने की जरूरत होती है। “हम बस अटैकिंग क्रिकेट खेल रहे थे, सिंगल-डबल नहीं ले रहे थे। अगर विकेट स्लो है तो उसी हिसाब से खेलना होगा।” उन्होंने माना कि अगली बार ऐसी स्थिति आए तो टीम 160-170 तक आराम से पहुंच सकती है।
सूर्या के साथ बातचीत और कप्तान की तारीफ
अक्षर ने बताया कि उन्होंने और सूर्या ने तय किया था कि कुछ ओवर टिककर खेलेंगे और फिर रन बढ़ाएंगे।
उन्होंने कप्तान की तारीफ करते हुए कहा, “जिस तरह की फॉर्म में वो हैं, जब सूर्या चलता है तो मैच वहीं पलट जाता है।” न्यूज़ीलैंड सीरीज़ से लेकर अब तक सूर्या का फॉर्म टीम इंडिया के लिए सबसे बड़ी ताकत बनता जा रहा है।
Read Also :- सोशल मीडिया पर वायरल हुआ अक्षरा सिंह का तंज





