Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

लादी-सारणी सड़क निर्माण की मांग को लेकर शुक्रवार को क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीण सड़कों पर उतर आए।

By
On:

खबरवाणी

लादी-सारणी सड़क निर्माण की मांग को लेकर शुक्रवार को क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीण सड़कों पर उतर आए।

आमला। लादी-सारणी सड़क निर्माण की मांग को लेकर शुक्रवार को क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीण सड़कों पर उतर आए। आक्रोशित ग्रामीणों ने आमला-बोरदेही मार्ग पर ग्राम रतेड़ाकला के समीप चक्काजाम कर दिया, जिससे लगभग दो घंटे तक वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप रही।

ग्रामीणों ने बताया कि करीब तीन वर्ष पूर्व लादी-सारणी सड़क निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा वनग्राम लादी के समीप भूमिपूजन किया गया था, लेकिन इसके बाद सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका। बार-बार आवेदन, निवेदन और जिला मुख्यालय तक गुहार लगाने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी व्याप्त थी।

शुक्रवार सुबह लगभग 10 बजे लादी, रतेड़ाकला, भाण्डावाड़ी, बिच्छुखान, राशीढाना, देवपिपरिया, जमदेहीखुर्द, सुरनादेही, कुण्डारा सहित एक दर्जन से अधिक गांवों के करीब 500 से अधिक ग्रामीण सड़क पर बैठ गए और शासन-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। चक्काजाम के कारण आमला-बोरदेही मार्ग पर लंबी वाहनों की कतारें लग गईं।

दो घंटे तक सड़क पर डटे रहे ग्रामीण

अपनी मांग को लेकर ग्रामीण काफी आक्रोशित नजर आए। मजदूर काम पर नहीं गए, किसान खेतों से दूर रहे और बड़ी संख्या में महिलाएं भी घर का काम छोड़कर आंदोलन में शामिल हुईं। पुलिस बल के समझाइश के प्रयासों के बावजूद ग्रामीण लंबे समय तक सड़क से हटने को तैयार नहीं हुए।

इन ग्रामीण नेताओं ने संभाला मोर्चा

प्रदर्शन का नेतृत्व ग्राम पंचायत लादी के सरपंच राजू सिलू, सरपंच पार्वती ज्ञानसिंह धुर्वे, जितेन्द्र शर्मा, दिनेश यादव, अर्जुन उइके, सरपंच सुखराम उइके, इमरत उइके, मनीराम कुमरे, दिलबर उइके, ओझा महाजन, कमल धुर्वे, जयपाल यादव, विजय पारधी, अशोक इवने सहित अन्य ग्रामीण प्रतिनिधियों ने किया, जिन्होंने सड़क निर्माण की मांग प्रशासन के समक्ष रखी।

For Feedback - feedback@example.com
Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News