खबरवाणी
“कड़े पहरे में होली: आमला पुलिस की हुड़दंगियों पर पैनी नजर, शांति के साथ शुरू हुआ उत्सव।“
आमला में होली की धूम: 50 से अधिक स्थानों पर हुआ होलिका दहन, सुरक्षा के कड़े इंतजाम, रंगों के पावन पर्व होली पर इस बार क्षेत्र में हर्षोल्लास और पारंपरिक श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। शहर के मुख्य चौक-चौराहों सहित ग्रामीण अंचलों में उत्सव पर होलिका दहन किया गया । इस वर्ष 2 मार्च की मध्यरात्रि को होलिका दहन किया गया, जिसके बाद आज 3 एवं 4 को मार्च को धुरेडी का पर्व मनाया जा रहा है।
प्रमुख आयोजन और परंपराएं:
नगर के जनपद चौक पर परंपरा के अनुसार रात 10 बजे विधिवत पूजा-अर्चना के बाद कंडों की होली जलाई गई। इसके पश्चात माता माई मंदिर चौक सहित शहर के 50 से अधिक चिन्हित स्थानों पर होलिका दहन के कार्यक्रम संपन्न हुए। अंचल के ग्रामीण क्षेत्रों जैसे आवरिया,अंधारिया तोरनवाड़ा, कनोजिया और बोरदेही में भी ग्रामीणों ने पारंपरिक गीतों और फाग के साथ उत्सव की शुरुआत की है।
प्रशासनिक सतर्कता:
त्योहार के दौरान शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल तैनात किया गया है और हुड़दंगियों पर पैनी नजर रखी जा रही है। खाद्य विभाग के अमले ने भी मिलावटखोरी रोकने के लिए बाजार में विशेष अभियान चलाकर मावे और मिठाइयों के नमूने लिए हैं।
बाजार में रौनक:
होली को लेकर स्थानीय बाजारों में भी खासी रौनक देखी गई। पिचकारी, गुलाल और मुखौटों की दुकानों पर बच्चों और युवाओं की भारी भीड़ रही। लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर भाईचारे का संदेश दिया। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे रसायनों से मुक्त प्राकृतिक रंगों का उपयोग करें और शांतिपूर्वक त्योहार मनाएं ।





