खबरवाणी
ग्राम सावंगी में रामोत्सव बना ग्रामोत्सव
ग्राम सावंगी में रामोत्सव का ऐतिहासिक आयोजन
रामभक्ति में लीन ग्राम सावंगी हुआ भगवामय
आठनेर।22 जनवरी 2024 को 500 वर्षो बाद श्रीराम जन्मभूमि अयोध्या में हुए प्राण प्रतिष्ठा की पावन एवं ऐतिहासिक तृतीय वर्षगांठ के शुभ अवसर पर ग्राम सावंगी में भव्य रामोत्सव का आयोजन श्रद्धा,भक्ति और उल्लास के साथ किया गया।यह कार्यक्रम गांव के लिए एक उत्सव ही नहीं,बल्कि सनातन संस्कृति और आस्था की गौरवशाली परंपरा बन गया है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नर्मदापुरम से पधारे मुख्य वक्ता कोशलेश तिवारी ने कहा कि यह कार्यक्रम सनातन धर्म की जड़े मजबूत करने का कार्य करेगा।हमें हिंदू धर्म के लिए जागृत होकर खड़े होने की आवश्यकता है।इस शुभ अवसर पर ग्राम में अखंड रामायण पाठ का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता कर भगवान श्रीराम के चरित्र का श्रवण किया।रामनाम की धुन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।रामोत्सव के उपलक्ष्य में पूरे गांव में भव्य कलश शोभा यात्रा निकाली गई,जिसमें भगवान श्रीराम,माता सीता,लक्ष्मण एवं हनुमान जी की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं।शोभा यात्रा में भगवा ध्वज लहराते हुए पूरे ग्राम के रामभक्त सम्मिलित हुए।“जय श्रीराम” के जयघोष से संपूर्ण ग्राम गुंजायमान हो गया।इस अवसर पर पूरे गांव को भव्य रूप से सजाया गया।प्रत्येक घर के सामने सुंदर रंगोलियां बनाई गईं तथा हर घर पर भगवा ध्वज लगाए गए,दीप,सजावट और आस्था के रंगों से पूरा गांव अलौकिक स्वरूप में शोभायमान हो उठा।कार्यक्रम के समापन अवसर पर विशाल समरस भंडारे का आयोजन किया गया,जिसमें सभी वर्गों के ग्रामीणों ने एक पंक्ति में बैठकर प्रसाद ग्रहण किया और सामाजिक समरसता का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया।पूरे आयोजन में निरंतर निशुल्क सेवाएं देने वाले एवं कार्यक्रम को सफल बनाने में विशेष योगदान देने वाले ग्रामवासियों को आयोजन समिति द्वारा श्रीफल एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में उपस्थित प्रत्येक व्यक्ति को ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति सावंगी द्वारा बेलपत्र का पौधा एवं भारत माता का चित्र भेंट किया गया।समस्त ग्रामवासियों के सहयोगऔर आयोजन समिति की मेहनत और अपार आस्था से यह रामोत्सव का आयोजन अत्यंत सफल एवं ऐतिहासिक रहा।आयोजन समिति ने सभी का आभार मानते हुए बताया कि राम उत्सव पुरे ग्राम उत्सव हो गया है।जिससे ग्राम के बच्चों को सनातन संस्कार एवं परंपराओं का भान होगा।यह कार्यक्रम युवा पीढ़ी को सनातन धर्म से एवं संस्कृति से जोड़ने का कार्य करेगा।यह आयोजन न केवल धार्मिक चेतना का प्रतीक बना,बल्कि ग्राम सावंगी की एकता,संस्कृति और सनातन परंपरा को भी सशक्त रूप से प्रदर्शित करता है।कार्यक्रम का समापन समस्त ग्रामवासियों द्वारा सनातन संस्कृति को आत्मसात करने एवं धर्मरक्षण के संकल्प के साथ किया गया।





