Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

सब्जी बाजार के लिए लगे लाखों के पेवर ब्लॉक पर खड़े हो रहे भारी वाहन, शिफ्ट नहीं किया बाजार

By
On:

सब्जी बाजार के लिए लगे लाखों के पेवर ब्लॉक पर खड़े हो रहे भारी वाहन, शिफ्ट नहीं किया बाजार

बुधवार और शनिवार को लगने वाला गंज साप्ताहिक बाजार अब भी सडक़ों और गलियों में लग रहा

सांध्य दैनिक खबरवाणी, बैतूल

शहर के लोहिया वार्ड स्थित गंज प्राइमरी स्कूल के डिस्मेंटल के बाद यहां साप्ताहिक सब्जी बाजार लगाने का प्लान नगरपालिका द्वारा बनाया गया था, 10 लाख रुपए की लागत से यहां 30 हजार वर्गफीट में सब्जी विक्रेताओं के बैठने के लिए व्यवस्थित रूप से पेवर ब्लाक भी लगाए गए हैं, लेकिन इन पेवर ब्लॉक वाले सब्जी बाजार की जगह पर अब भारी वाहन खड़े हो रहे हैं, एक तरह से दो पहिया, चार पहिया और ट्रक जैसे वाहनों के खड़े रहने से यह स्थान पार्किंग स्थल बनकर रह गया है। नगरपालिका द्वारा सब्जी बाजार की बैठकी बाकायदा वसूली जा रही है लेकिन सब्जी बाजार को व्यवस्थित रूप से लगाने की प्लानिंग में लापरवाही बरती जा रही है, लंबे समय से ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के सब्जी विके्रता एक व्यवस्थित सब्जी बाजार की मांग करते आ रहे हैं।

सडक़ों और गलियों में लग रहा बाजार

फिलहाल गंज का साप्ताहिक बाजार दो दिन शनिवार और बुधवार को लगता है। यह बाजार जेएच कॉलेज रोड से लेकर बाबू चौक गंज तक की सडक़ पर अव्यवस्थित रूप से लगता है, जिससे व्यापारियों सहित सब्जी विके्रता, खरीदारों को तो परेशानियों का सामना करना ही पड़ता है, ट्रैफिक की समस्या भी बाजार के दिन ज्यादा होती है, इस क्षेत्र में भारी वाहनों की आजवाही के कारण पूरा क्षेत्र अस्त-व्यस्त हो जाता है। जिससे सब्जी विक्रेताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। सडक़ पर जगह खत्म होने के बाद सब्जी विके्रता गलियों की सडक़ों पर बाजार लगाने को मजबूर हैं। अव्यवस्थित बाजार के कारण सब्जी विके्रताओं को किसी भी प्रकार की सहूलियत भी नगरपालिका द्वारा नहीं दी जा रही है, आवारा मवेशी बाजार में घूमते हैं, वहीं पीने के पानी के लिए भी नगरपालिका ने कोई व्यवस्था नहीं बनाई है, जबकि हर सप्ताह की जाने वाले बाजार बैठकी की वसूली नगरपालिका लगातार कर रही है, लेकिन सब्जी विक्रेताओं को मिलने वाली सुविधाएं नदारद हैं।

रात में खड़े हो रहे भारी वाहन

सब्जी बाजार के लिए लगाए गए पेवर ब्लॉक वाले मैदान पर रात के समय भारी वाहन खड़े हो रहे हैं जिससे पेवर ब्लॉक डेमेज होने की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता बावजूद इसके नगरपालिका इस ओर ध्यान नहीं दे रही है। सब्जी व्यापारियों को भी यह जानकारी नहीं है कि यहां बाजार लगेगा। नगरपालिका सीएमओ सतीश मटसेनिया और उपाध्यक्ष महेश राठौर से जब इस संबंध में जानकारी के लिए उन्हें फोन किया गया तो दोनों ने ही फोन रिसवी नहीं किया।

10 लाख की लागत के पेवर ब्लॉक लगाए

गंज में बुधवार और शनिवार को सडक़ पर ही साप्ताहिक सब्जी बाजार लगता है। नगरपालिका ने गंज की 30 हजार वर्गफीट भवन डिस्मेंटल के बाद खाली हुई जमीन पर बाजार लगाने के लिए 10 लाख की लागत से पेवर ब्लॉक लगवाए गए हैं। यह पूरा एरिया सब्जी व्यापारियों के बैठने के लिए व्यवस्थित किया गया है। बुधवार और शनिवार को साप्ताहिक सब्जी बाजार यहां पर लगाना शुरू किया जाएगा। इससे सडक़ पर सब्जी व्यापारियों के बैठने के कारण होने वाली ट्रैफिक समेत अन्य परेशानियां दूर हो जाएंगी। शहर में 2015 में रजिस्टर्ड सब्जी व्यापारियों की संख्या 556 थी। वर्तमान में 1400 से अधिक सब्जी व्यापारी नपा के रिकॉर्ड में हैं। सब्जी व्यापारियों की इतनी बड़ी संख्या होने के बावजूद व्यवस्थित सब्जी बाजार नहीं है, जिसके कारण सभी को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, फिलहाल नगरपालिका के पास सब्जी बाजार लगाने का क्या प्लान है यह भी किसी को पता नहीं है।

For Feedback - feedback@example.com
Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News