Goa Nightclub Fire: गोवा नाइटक्लब आगकांड में मुख्य आरोपी लूथरा ब्रदर्स को थाईलैंड में हिरासत में ले लिया गया है। 25 लोगों की जान लेने वाली इस घटना के बाद दोनों भारत से फरार हो गए थे। भारतीय सरकार ने उनके पासपोर्ट रद्द कर दिए थे, जिसके बाद थाई पुलिस ने कार्रवाई की। अब दोनों को जल्द ही गोवा लाया जाएगा।
पासपोर्ट कैंसिल होते ही थाई पुलिस की कार्रवाई
सूत्रों के अनुसार, भारत की ओर से पासपोर्ट रद्द करने के बाद थाईलैंड पुलिस सतर्क हो गई थी। सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा—दोनों को थाई पुलिस ने इमिग्रेशन चेक में हिरासत में लिया। गोवा पुलिस को इसकी आधिकारिक जानकारी दे दी गई है और दोनों को भारत भेजने की तैयारी चल रही है।
6 दिसंबर की रात का दर्दनाक हादसा
6 दिसंबर की रात गोवा के “बर्च बाय रोमियो लेन” नाइटक्लब में भीषण आग लग गई थी। आग इतनी तेजी से फैल गई कि 25 लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हुए। हादसे के बाद क्लब प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगे। चार मालिकों में से एक अजय गुप्ता को दिल्ली में पकड़ लिया गया था।
अजय गुप्ता से पूछताछ और ट्रांजिट रिमांड
अजय गुप्ता को दिल्ली क्राइम ब्रांच ने पूछताछ के लिए बुलाया। पूछताछ में उसने कहा—“मैं सिर्फ बिजनेस पार्टनर हूं, बाकी कुछ नहीं जानता।” इसके बाद उसे दिल्ली की साकेत कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे 36 घंटे के ट्रांजिट रिमांड पर गोवा पुलिस को सौंप दिया गया।
भारत से फरार हुए लूथरा ब्रदर्स
हादसे के कुछ ही दिनों बाद सौरभ और गौरव लूथरा दिल्ली से थाईलैंड भाग गए। उनके खिलाफ इंटरपोल की ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी की गई थी। सरकार ने साफ कहा था कि दोनों पर कड़ी कार्रवाई होगी और उनका पासपोर्ट रद्द कर दिया जाएगा। इसी वजह से दोनों बाहर ज्यादा दिन छिप नहीं पाए।
दूसरे मालिक पर भी नजर
क्लब के एक और मालिक सुरिंदर कुमार खोसला की तलाश अभी भी जारी है। वह ब्रिटिश नागरिक है और उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी किया गया है। पुलिस उसे भी जल्द पकड़ने की कोशिश में जुटी है।





