खबरवाणी
अब सब साफ दिखता है,सेवा सदन नेत्र शिविर से 44 आंखों में लौटी रोशनी
गुरुवार को हुई पुनः जांच में सभी 44 मरीजों की आंखें पूरी तरह स्वस्थ पाई गईं
भौंरा। अब हमें सब साफ दिखने लगा है यह खुशी छलक रही थी उन बुजुर्गों के चेहरों पर, जिनकी आंखों की रोशनी सफल नेत्र ऑपरेशन के बाद लौट आई। भौंरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में गत माह लायंस क्लब द्वारा आयोजित नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर में चयनित 49 मरीजों में से 44 मरीजों का सफल ऑपरेशन बैरागढ़ सेवा सदन नेत्र चिकित्सालय, भोपाल में किया गया था। गुरुवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भौंरा में इन सभी मरीजों की पुनः जांच सेवा सदन नेत्र चिकित्सालय के वरिष्ठ ऑप्टोमेट्रिस्ट डॉ. अरुण कुमार शुक्ला द्वारा की गई। जांच में सभी मरीजों की आंखें पूर्णतः स्वस्थ पाई गईं। डॉ. शुक्ला ने बताया कि सभी की दृष्टि अब सामान्य हो चुकी है और किसी को कोई परेशानी नहीं है। जांच के दौरान मरीजों को नि:शुल्क दवाइयां और पास की नजर के चश्मे भी वितरित किए गए।
लायंस क्लब भौंरा के पदाधिकारियों ने बताया कि शिविर का उद्देश्य ग्रामीण अंचल के उन जरूरतमंद मरीजों को फिर से दृष्टि प्रदान करना था, जो आर्थिक तंगी के कारण उपचार नहीं करा पा रहे थे।
गौरतलब है कि पिछले माह आयोजित शिविर में कुल 205 मरीजों की आंखों की जांच की गई थी, जिनमें से 49 को ऑपरेशन हेतु चिन्हित किया गया था। इनमें से 44 मरीजों ने सेवा सदन अस्पताल में ऑपरेशन करवाया और अब सभी सामान्य रूप से देख पा रहे हैं।
मरीजों और उनके परिजनों ने लायंस क्लब भौंरा और सेवा सदन नेत्र चिकित्सालय का आभार व्यक्त करते हुए कहा हमारी जिंदगी में फिर से उजाला लौट आया है।





