खबरवाणी
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में जगह-जगह गंदगी, मरीज परेशान
भैंसदेही
भैंसदेही सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भैंसदेही में जगह-जगह गंदगी फैली है। हालात यह है कि शौचालय से लेकर वॉटर कूलर तक सभी जगहों पर पान की पिक नजर आती है। इसके अलावा शौचालय की नियमित सफाई नहीं होने से मरीजों को दुर्गंध का सामना करना पड़ता है। लोगों का कहना है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में मरीज ठीक होने आते है, किन्तु यहां अव्यवस्थाओं के कारण उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बता दे कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में साफ-सफाई के लिए कर्मचारी मौजूद है, लेकिन कर्मचारियों द्वारा नियमित सफाई नहीं की जाती है। अस्पताल प्रबंधन भी इस ओर ध्यान नहीं देता है। जिसकी वजह से अस्पताल के अंदर जगह-जगह गंदगी का आलम बना हुआ है। शौचालय और वॉटर कूलर के पास ही लोग पानी पीते है और वहीं पान की पिक थूककर चले जाते है। इन्हें भी रोकने-टोकने वाला कोई नहीं है। वॉटर कूलर के पास टाइल्स लाल हो चुकी है। वहीं फर्श पर भी काले दाग बने हुए है। ऐसे में अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर मरीजों और उनके परिजनों में नाराजगी बनी हुई है। लोगों का कहना है कि अस्पताल प्रबंधन को इस ओर विशेष ध्यान देने की जरूरत है, ताकि अस्पताल साफ-सुथरा बना रहे।
शौचालय की दुर्गंध से परेशान मरीज
अस्पताल भर्ती वार्डो में मरीजों की सुविधा के लिए शौचालय बने है। इन शौचालयों की नियमित साफ-सफाई नहीं हो रही है। जिसकी वजह से शौचालय पूरी तरह गंदगी से सराबोर नजर आता है। शौचालय से इतनी दुर्गंध उठती है कि मरीज या उसके परिजन शौचालय के पास खड़े तक नहीं हो सकते। इसके अलावा भर्ती वार्ड में भी दिनभर दुर्गंध चलती है। इसके बाद भी साफ-सफाई पर अस्पताल प्रबंधन ध्यान नहीं दे रहा है, जबकि रोजाना वार्डो में डॉक्टर और स्टॉफ राउंड लेते है।
बीएमओ भी नहीं उठाती फोन
बीएमओ भी नहीं उठाती फोन तो जिम्मेदार जिम्मेदारी से भाग रहे हैं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में कहां से होगी साफ सुबाई






