खबरवाणी
भौंरा क्षेत्र में डीजल-पेट्रोल की कमी, बढ़ी मांग से आपूर्ति प्रभावित
कटाई सीजन के बीच ईंधन संकट से किसान चिंतित, तीन दिन से टैंकर नहीं पहुंचे
भौंरा। नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में डीजल-पेट्रोल की अचानक कमी की स्थिति सामने आई है। गुरुवार को भौंरा के पेट्रोल पंप पर ईंधन लेने वालों की भीड़ बढ़ गई, जिसके चलते सामान्य से अधिक मांग दर्ज की गई। इसके बाद शुक्रवार को पंप पर डीजल और पेट्रोल का स्टॉक समाप्त होने के कारण दिनभर आपूर्ति बंद रही।
भौंरा शाहपुर नेशनल हाईवे पर स्थित अन्य पेट्रोल पंपों पर भी इसी तरह की स्थिति बनी हुई है, जहां ईंधन की उपलब्धता प्रभावित बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, हाल के दिनों में मांग में अचानक वृद्धि के कारण यह स्थिति बनी है।
पंप संचालक मुकेश खंडेलवाल ने बताया कि पिछले तीन दिनों से डीजल-पेट्रोल के टैंकरों के लिए ऑर्डर दिए गए हैं, लेकिन अभी तक आपूर्ति नहीं पहुंच सकी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही सप्लाई बहाल होने पर स्थिति सामान्य हो जाएगी।
इधर, क्षेत्र में इस समय गेहूं की कटाई का कार्य चल रहा है, जिसमें हार्वेस्टर और अन्य कृषि यंत्रों के संचालन के लिए डीजल की आवश्यकता होती है। ऐसे में ईंधन की कमी से किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों का कहना है कि डीजल की उपलब्धता प्रभावित होने से कटाई कार्य पर असर पड़ सकता है।
पिछले सप्ताह खराब मौसम के कारण पहले ही कृषि कार्य प्रभावित हुए थे, वहीं अब ईंधन की कमी ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। इसके अलावा आने वाले दिनों में मूंग की बुवाई का कार्य भी शुरू होना है, जिसमें ट्रैक्टर संचालन के लिए डीजल जरूरी होगा। स्थानीय स्तर पर लोगों ने ईंधन आपूर्ति जल्द सामान्य करने की मांग की है। हालांकि, आपूर्ति बाधित होने के कारणों को लेकर आधिकारिक स्तर पर स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। विशेषज्ञों का मानना है कि मांग में अचानक वृद्धि और आपूर्ति में देरी के संयुक्त प्रभाव से यह स्थिति बनी हो सकती है।





