cricket: टीम इंडिया के स्टार क्रिकेटर हनुमा विहारी आने वाले घरेलू सीजन से पहले आंध्र क्रिकेट टीम को अलविदा कह सकते हैं। जानकारी के मुताबिक, उन्होंने आंध्र क्रिकेट एसोसिएशन (ACA) से एनओसी (NOC) की मांग की है और अब वह किसी नई टीम से खेलते नजर आ सकते हैं। हाल ही में विहारी आंध्र प्रीमियर लीग में खेले थे और वहां अपनी टीम अमरावती रॉयल्स को फाइनल तक पहुंचाया था।
त्रिपुरा की कप्तानी संभाल सकते हैं विहारी
क्रिकबज़ की रिपोर्ट के अनुसार, हनुमा विहारी ने कहा कि उन्होंने राज्य बदलने का फैसला किया है। त्रिपुरा उनसे लंबे समय से संपर्क में था और अब उन्होंने एनओसी भी मांग ली है। वहीं, त्रिपुरा क्रिकेट एसोसिएशन (TCA) के एक अधिकारी ने पुष्टि की कि विहारी इस सीजन टीम के प्रोफेशनल खिलाड़ी होंगे और संभावना है कि वह कप्तानी भी संभालेंगे। त्रिपुरा इस बार एलीट डिविजन में लाल गेंद और सफेद गेंद दोनों प्रारूपों में खेलेगा।
तापन लोध का बयान
त्रिपुरा क्रिकेट एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष और मौजूदा सदस्य तापन लोध ने भी इस खबर की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन ने कुछ प्रोफेशनल खिलाड़ियों के नाम सुझाए थे और उनमें से हनुमा विहारी को साइन किया जा रहा है।
हनुमा विहारी का घरेलू करियर
हनुमा विहारी का घरेलू क्रिकेट में शानदार रिकॉर्ड रहा है। उन्होंने अब तक 131 प्रथम श्रेणी मैच खेले हैं। इनमें से 44 मैच आंध्र के लिए खेले, जिसमें उन्होंने 3013 रन बनाए, औसत 44.97 रहा और उनके बल्ले से 4 शतक व 20 अर्धशतक निकले। वहीं, हैदराबाद के लिए खेले 40 मैचों में उन्होंने 3155 रन बनाए, औसत रहा 57.38 और इस दौरान 10 शतक व 12 अर्धशतक जड़े।
यह भी पढ़िए:Hartalika Teej: थकान और कमजोरी से बचने के लिए उपवास से पहले खाएं ये सुपरफूड्स
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विहारी ने अब तक 16 टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमें उन्होंने 839 रन बनाए हैं, औसत 33.56 रहा। वह आंध्र टीम के कप्तान भी रहे हैं, लेकिन 2024 में राजनीतिक दखल के चलते उन्हें कप्तानी से हटा दिया गया था।





