खबरवाणी
जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत सतपुड़ा जलाशय में चला स्वच्छता अभियान
खबर वाणी न्यूज़ रफीक
सारनी। मध्य प्रदेश सरकार के जल संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से चलाए जा रहे “जल गंगा संवर्धन अभियान” के तहत सतपुड़ा जलाशय स्थित छठ घाट पर व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान जलाशय में जमा कचरे को निकालकर घाट परिसर की साफ-सफाई की गई।
कार्यक्रम में मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष एवं राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त आदरणीय श्री मोहन नागर जी का आगमन हुआ। उनके मार्गदर्शन में कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने मिलकर श्रमदान किया और जलाशय को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया।
अभियान के दौरान सतपुड़ा ताप विद्युत गृह के मुख्य अभियंता एस.के. लिलोहरे, सुरक्षा अधिकारी शरद कुमार यादव, नगर पालिका सीएमओ सी . के. मेश्राम, अध्यक्ष किशोर बरदे एवं उपाध्यक्ष जगदीश पवार विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी ने स्वच्छता अभियान में सहभागिता निभाते हुए लोगों को जल स्रोतों के संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
अभियान में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं आम नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर जल संरक्षण के महत्व को समझते हुए लोगों से अपील की कि जल स्रोतों को स्वच्छ बनाए रखें और गंदगी न फैलाएं।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि जल ही जीवन है और आने वाली पीढ़ियों के लिए जल स्रोतों का संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। इस तरह के अभियान न केवल स्वच्छता को बढ़ावा देते हैं बल्कि समाज में जागरूकता भी फैलाते हैं।





