खबरवाणी
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय साईंखेड़ा में सफाई व्यवस्था ठप, झाड़ियों ने घेरा स्कूल परिसर
साईंखेड़ा। क्षेत्र के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय साईंखेड़ा की सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप नजर आ रही है। स्कूल परिसर के चारों ओर घास-फूस, झाड़ियाँ और कचरा फैला हुआ है। दीवारों के किनारे तक झाड़ियाँ उग आई हैं, जिससे विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए परिसर में आवाजाही करना भी मुश्किल हो गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, लंबे समय से स्कूल परिसर में सफाई नहीं की गई है। ऐसे में मच्छर और जहरीले कीड़े-मकोड़े पनपने का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम के बाद यह झाड़ियाँ सांप-बिच्छू जैसे जीवों के छिपने की जगह बन सकती हैं, जिससे विद्यार्थियों की सुरक्षा को गंभीर खतरा है।
इनका कहना है —
विद्यालय प्राचार्य अजाबराव चौकीकर“हमने कुछ दिन पहले ही सफाई करवाई थी, लेकिन जो पुराने पौधे और झाड़ियाँ हैं, वे पूरी तरह समाप्त नहीं हो पा रही हैं। हमारी कोशिश होगी कि जल्द से जल्द स्कूल प्रांगण और उसके आसपास की पूरी सफाई कराई जाए, ताकि विद्यालय परिसर स्वच्छ और सुरक्षित रहे।”
वहीं जागरूक नागरिक गगन सोनी ने कहा, “इतना बड़ा विद्यालय है जहाँ आसपास के गाँवों से बच्चे पढ़ने आते हैं। यहाँ नियमित रूप से सफाई होनी चाहिए। स्कूल प्रशासन को इस विषय में विशेष ध्यान देना होगा, अन्यथा हम कलेक्टर साहब से शिकायत करने के लिए मजबूर होंगे।”

स्थानीय लोगों ने शिक्षा विभाग और पंचायत प्रशासन से आग्रह किया है कि स्कूल परिसर की नियमित सफाई और रखरखाव सुनिश्चित किया जाए, ताकि विद्यार्थियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध हो सके।





