खबरवाणी
भौंरा में भाजपा मंडल बैठक सम्पन्न, वंदे मातरम के 150 वर्ष पर लिया राष्ट्रनिष्ठा का संकल्प
मतदाता एसआईआर अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान, नव-निर्वाचित पदाधिकारियों का हुआ सम्मान
भौंरा । भारतीय जनता पार्टी के भौंरा-बीजादेही मंडल की बैठक शुक्रवार को विजय मंगल भवन में संपन्न हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं भारत माता के छायाचित्र पर तिलक व पुष्पमाला अर्पित कर किया गया। युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष दिलीप माधव एवं सुनील धुर्वे ने पधारे अतिथियों का तिलक लगाकर स्वागत किया। बैठक में वंदे मातरम गीत के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में वंदे मातरम गायन किया गया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत वंदे मातरम गाते हुए एकता, समर्पण और सेवा का संदेश दिया। कार्यक्रम का समापन भी वंदे मातरम के सामूहिक गायन से हुआ। बैठक में भाजपा के नव-निर्वाचित पदाधिकारियों का अंगवस्त्र पहनाकर सम्मान किया गया। साथ ही आगामी मतदाता एसआईआर (सत्यापन, पहचान और रजिस्ट्रेशन) अभियान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस अभियान के अंतर्गत बूथ स्तर पर कार्यकर्ता घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन कर रहे हैं, नए मतदाताओं का नाम जुड़वाया जा रहा है और स्थानांतरित अथवा मृत मतदाताओं के नाम हटाने का कार्य भी किया जा रहा है।
मंडल प्रभारी अवेजर हुसैन ने कहा कि मतदाता एसआईआर अभियान भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने का सबसे अहम चरण है। यह केवल मतदाता सूची का अद्यतन नहीं, बल्कि जनता से सीधा संवाद स्थापित करने का माध्यम भी है। प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने क्षेत्र में घर-घर पहुंचकर यह सुनिश्चित करना चाहिए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे। संगठन का लक्ष्य केवल संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि जागरूक नागरिक तैयार करना है जो लोकतंत्र की मजबूती में योगदान दे।
मंडल अध्यक्ष महेंद्र सिरोठिया ने कहा कि भाजपा एक विचार आधारित संगठन है जो राष्ट्रहित और सेवा के लिए समर्पित है। वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होना हमारे लिए गौरव का विषय है। यह हमें देशभक्ति और अनुशासन के मार्ग पर और दृढ़ता से आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता अशोक सिरोठिया ने कहा कि भाजपा का हर कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है। हमें गांव-गांव, वार्ड-वार्ड जाकर जनता से जुड़ना होगा और मतदाता अभियान को सफल बनाना होगा।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष शिवशंकर मवासे, बाबा मकोड़े, सुरेंद्र यादव, असीम सिकदर, चिंटू नायक, मनीष खंडेलवाल,अनुराधा वर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन मंडल अध्यक्ष महेंद्र सिरोटीया ने किया तथा आभार प्रदर्शन सुरेंद्र यादव ने किया।





