Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

रंगों की बौछार में डूबा भौंरा, ढोल की थाप पर थिरका हर वर्ग

By
On:

खबरवाणी

रंगों की बौछार में डूबा भौंरा, ढोल की थाप पर थिरका हर वर्ग

धुरेंडी पर बच्चों, युवाओं और महिलाओं ने खेली होली; आसपास के गांवों में भी दिखा फाग का रंग

भौंरा। रंगों का पर्व धुरेंडी बुधवार को नगर सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों में हर्षोल्लास और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह से ही नगर के प्रमुख चौक-चौराहों और गलियों में रंग-गुलाल की बौछार देखने को मिली। युवाओं की टोलियां ढोल और बाजों की थाप पर झूमती नजर आईं, वहीं बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों ने भी एक-दूसरे को रंग लगाकर पर्व की खुशियां साझा कीं।
नगर के विभिन्न मोहल्लों में सुबह से ही होली खेलने का सिलसिला शुरू हो गया था। लोग रंग और गुलाल के साथ एक-दूसरे के घर पहुंचकर होली की शुभकामनाएं देते रहे। कई स्थानों पर युवाओं ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाच-गाकर फाग गीतों के साथ उत्सव का आनंद लिया। वातावरण में होली है के जयकारों और रंगों की फुहारों से पूरा नगर रंगमय हो गया।
धुरेंडी के अवसर पर ग्रामीण अंचलों में भी उत्साह कम नहीं रहा। आसपास के गांवों में भी ग्रामीणों ने परंपरागत अंदाज में होली खेली। गांवों में युवाओं और बच्चों ने जमकर रंग-गुलाल उड़ाया तथा आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाया। दिनभर चले इस रंगोत्सव के दौरान लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर खुशियों का इजहार किया और मिठाइयां खिलाकर पर्व की बधाइयां दीं। पर्व को देखते हुए नगर में पुलिस प्रशासन भी सतर्क रहा और प्रमुख स्थानों पर व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की मौजूदगी रही, जिससे पूरे दिन त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

For Feedback - feedback@example.com
Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News