Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

भौंरा में सांडों की लड़ाई से मुख्य मार्ग ठप, 10 मिनट तक थमा ट्रैफिक

By
On:

खबरवाणी

भौंरा में सांडों की लड़ाई से मुख्य मार्ग ठप, 10 मिनट तक थमा ट्रैफिक

बीजदेही रोड स्थित माता मोहल्ला की घटना, आवारा पशुओं पर नियंत्रण की उठी मांग

भौंरा ।नगर के बीजदेही रोड स्थित माता मोहल्ला में शुक्रवार रात करीब 8 बजे दो सांडों के बीच हुई जबरदस्त लड़ाई के चलते मुख्य मार्ग पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। बीच सड़क पर हो रही इस लड़ाई के कारण लगभग 10 मिनट तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों सांड अचानक आमने-सामने आ गए और मुख्य सड़क पर ही भिड़ गए। उस समय सड़क पर आवाजाही जारी थी, जिससे मोटरसाइकिल सवार और अन्य वाहन चालक बीच रास्ते में ही रुकने को मजबूर हो गए। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। घटना के दौरान आसपास के दुकानदारों में भी भय का माहौल बन गया। उन्हें आशंका थी कि लड़ते-लड़ते सांड कहीं दुकानों में न घुस जाएं। स्थानीय लोगों ने सांडों को अलग करने के लिए पानी डालने और डंडों की मदद से भगाने का प्रयास किया, लेकिन काफी देर तक वे काबू में नहीं आए। करीब 10 मिनट की मशक्कत के बाद दोनों सांड अलग हुए, तब जाकर यातायात सामान्य हो सका। उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को साप्ताहिक बाजार होने के कारण इस मार्ग पर सामान्य दिनों की अपेक्षा अधिक भीड़ थी। ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोग इसी रास्ते से वापस लौट रहे थे, जिससे ट्रैफिक दबाव और बढ़ गया था। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि नगर में आवारा पशुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं और ऐसी घटनाओं का खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि आवारा पशुओं को पकड़कर गौशालाओं में पहुंचाने की प्रभावी व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।

For Feedback - feedback@example.com
Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News