खबरवाणी
कुएं में मिला 20 दिन से लापता युवक का शव, गांव में सनसनी
2 फरवरी को थाने में दर्ज हुई थी गुमशुदगी;
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा
शराब की लत का जिक्र, पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की
आमला। आमला थाना क्षेत्र के ग्राम कनौजिया में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब 20 दिन से लापता एक युवक का शव गांव में स्थित कुएं में मिला। ग्रामीणों ने खेत में बने कुएं में शव दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान रामकिशोर पिता दल्लू कापसे (40) निवासी कनौजिया के रूप में हुई, जो 24 जनवरी 2026 से लापता था।ग्रामीणों के मुताबिक, युवक के अचानक लापता होने के बाद परिवार ने उसकी काफी तलाश की थी। कई दिनों तक आसपास के गांवों और रिश्तेदारों के यहां खोजबीन की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने 2 फरवरी 2026 को आमला थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
परिजनों और ग्रामीणों ने चर्चा में बताया कि रामकिशोर शराब पीने का आदी था। 24 जनवरी को वह घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। पहले भी वह कुछ दिनों के लिए घर से चला जाता था, लेकिन इस बार लंबे समय तक न लौटने पर परिवार चिंतित हो गया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रधान आरक्षक निलेश सोनी ने बताया कि कलीराम के खेत में स्थित कुएं में शव होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की और ग्रामीणों की सहायता से शव को बाहर निकाला। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।
शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में शोक और चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।






