Bihar Election 1st Phase Voting: बिहार में लोकतंत्र का महापर्व आज से शुरू हो गया है। राज्य की 243 विधानसभा सीटों में से पहले चरण में 121 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान चलेगा। इस चरण में 18 जिलों के 3 करोड़ 75 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदाताओं को आकर्षित करने के लिए कई सरकारी और निजी संस्थानों ने फ्री राइड्स, ऑफर्स और टिकटों पर छूट जैसी सुविधाएं भी दी हैं।
सख्त सुरक्षा व्यवस्था, सीमाएं सील
चुनाव आयोग ने पहले चरण के मतदान को लेकर कड़े सुरक्षा इंतज़ाम किए हैं। पूरे राज्य के 45,341 मतदान केंद्रों पर सशस्त्र बलों की तैनाती की गई है। करीब 4.5 लाख सुरक्षा कर्मी और 1500 से अधिक केंद्रीय बलों की कंपनियां सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। नेपाल और पड़ोसी राज्यों की सीमाओं को भी सील कर दिया गया है ताकि कोई भी असामाजिक तत्व माहौल न बिगाड़ सके।
सभी बूथों पर लाइव वेबकास्टिंग
इस बार चुनाव आयोग ने पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी मतदान केंद्रों पर लाइव वेबकास्टिंग की व्यवस्था की है। इन सभी बूथों की निगरानी मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के कार्यालय से की जाएगी। आयोग ने साफ कहा है कि अगर किसी बूथ पर कोई गड़बड़ी या अनियमितता पाई गई तो तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
अलग-अलग सीटों पर अलग समय पर मतदान
पहले चरण में जिन 18 जिलों में मतदान हो रहा है, उनमें सहरसा, दरभंगा, मुज़फ़्फ़रपुर, गोपालगंज, सीवान, सारण, वैशाली, पटना, भोजपुर और बक्सर शामिल हैं।
- तरापुर, कल्याणपुर, समस्तीपुर और उजियारपुर जैसी सीटों पर वोटिंग शाम 5 बजे तक होगी।
- सिमरी बख्तियारपुर और महेशपुर सीटों पर मतदान 4 बजे समाप्त हो जाएगा।
- बाकी 105 सीटों पर शाम 6 बजे तक वोट डाले जाएंगे।
दिग्गज नेताओं की साख दांव पर
पहले चरण में कई बड़े नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। इनमें तेजस्वी यादव, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, नितिन नवीन, मंगल पांडे, श्रवण कुमार, महेश्वर हजारी और तेजप्रताप यादव जैसे नाम शामिल हैं। इस चरण में कुल 1314 उम्मीदवार, जिनमें 122 महिलाएं हैं, अपनी किस्मत आज़मा रहे हैं।
एनडीए बनाम महागठबंधन में कड़ा मुकाबला
पहले चरण में एनडीए और महागठबंधन के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है।
- एनडीए: जेडीयू 57, बीजेपी 48, एलजेपी (आर) 14, आरएलएसपी 2 सीटों पर चुनाव लड़ रही है।
- महागठबंधन: आरजेडी 73, कांग्रेस 24, सीपीआई (एमएल) 14, सीपीआई 5, सीपीएम 3, वीआईपी 5 और एआईपी 3 सीटों पर मैदान में हैं।
इसके अलावा, जनसुराज पार्टी ने 119 सीटों पर और एआईएमआईएम ने 8 सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं। कुछ सीटों पर दोस्ताना मुकाबले (फ्रेंडली फाइट) की भी संभावना है।





