जमीन से सिर्फ चार फीट ऊपर से झूलते तारों से लगा करंट
Betul News – आठनेर(विनोद कनाठे) – बिजली विभाग की हठधर्मिता और लापरवाही का खामियाजा एक 15 वर्षीय बालक को जान देकर चुकानी पड़ी। 11 केवी लाईन के झुलते तारों के सम्पर्क में आने से बालक की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। मामला विकासखण्ड क्षेत्र आठनेर के अंतर्गत आने वाले ग्राम पाटाधा का है जहां सोमवार 15 वर्षीय बालक गांव से महज 300 मीटर की दूरी डली 11 केवी लाइन के सम्पर्क में आने से घटना स्थल पर ही मौत हो गई।
जमीन से महज चार फीट ऊपर है लाइन | Betul News
वहीं परिजनों से मिली जानकारी अनुसार खेतों में जाने वाली 11 केवी लाइन जमीन से महज चार फीट ऊपर झुलते बिजली के तारों से हुई घटना है। ग्रामीणों द्वारा पूर्व में भी सैकड़ों बार सातनेर सब स्टेशन जाकर बिजली विभाग के कर्मचारियों एवं अधिकारियों को झुलते तारों की शिकायत कर 11 केवी लाइन को उपर करने की बात कही परन्तु इस ओर किसी ने भी ध्यान नहीं दिया और पाटाधा निवासी किसान रामशा धुर्वे को अपना 15 वर्षीय पुत्र अरविन को खोना पड़ा।
परिजनों ने सातनेर सब स्टेशन के कर्मचारियों एवं जेई पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए कहा कि बिजली विभाग की हठधर्मिता के चलते बेटे की जान चली गई। समय रहते अगर बिजली के तारों को पोल गाडक़र उपर कर दिया होता तो आज बेटे की जान नहीं जाती।
घटना स्थल पहुंची जपं अध्यक्ष रोशनी इवने | Betul News
घटना की जानकारी लगते ही ग्राम पाटाधा पहुंची जनपद पंचायत अध्यक्ष रोशनी इवने ने घटना स्थल का जायजा लिया और परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान जनपद पंचायत अध्यक्ष रोशनी इवने खुद घटना स्थल पर जमीन से चार फीट ऊपर झुलते 11 केवी की लाइन देखकर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि 11 केवी हाई पावर लाइन इतने नीचे होना बड़ी घटना को अंजाम देने जैसा है।
जिस लाइन को जमीन से 20 फिर ऊपर रहना चाहिए वह महज जमीन से चार फीट ऊपर झुल रहे बिजली के तारों से अंदाजा लगाया जा सकता है कि बिजली विभाग की लापरवाही से ही पिता ने पुत्र को खोया हैं। जनपद पंचायत अध्यक्ष ने परिजनों को आश्वासन देते हुए पुरे मामले की जांच कर कार्रवाई कि बात कही और दोषियों पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।





