मोदी सरकार के 9 साल की केंद्रीय मंत्री ने बताई उपलब्धि
Betul News – बैतूल – कांग्रेस के 500 रुपए में सिलेंडर देने की घोषणा को आड़े हाथों लेते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री रामेश्वर तेली ने एक सवाल के जवाब में कहा कि कांग्रेस को यदि मौका मिला तो वो देश को भी बेच देगी। मोदी सरकार के 9 साल की उपलब्धि को लेकर आयोजित पत्रकारवार्ता में केंद्रीय पेट्रोलियम राज्यमंत्री रामेश्वर तेली ने देश में 9 साल में हुए विकास को लेकर पत्रकारों से चर्चा की। उन्होंने पेट्रोल-डीजल के रेट को लेकर कहा कि तेल बाहर से आता है और हमारे देश की तीन तेल कंपनी है जो रेट तय करती है।
इसके अलावा उन्होंने गैस को लेकर कहा कि 83 प्रतिशत गैस बाहर से आती है। इसका भी रेट कंपनी तय करती है। उन्होंने कहा कि देश में तेल के दाम एक से हो इसलिए इसे जीएसटी में शामिल करना चाहिए। मध्यप्रदेश के बीना में स्थित रिफाइनरी में केंद्र सरकार 50 हजार करोड़ रुपए का इंवेस्ट कर रही है जिससे यहां के लोगों को रोजगार का मौका मिलेगा।
इसी तरह अन्य क्षेत्रों में भी सरकार इंवेस्ट करेगी। श्री तेली ने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने के लिए सरकार का फोकस है कि एथानॉल प्लांट लगाए जाए जिससे किसानों की आय दोगुनी होगी और इसका फायदा तेल के दामों को कम करने में सहयोगी होगा।

पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए सांसद डीडी उइके ने बताया कि मोदी सरकार के 9 साल में गरीबों को विभिन्न योजनाओं का लाभ मिला है जिसमें साढ़े तीन करोड़ आवास, 11 करोड़ 72 लाख शौचालय (इज्जत घर), जल जीवन मिशन योजना के तहत 12 करोड़ घरों तक पानी पहुंचाया गया। उज्जवला योजना के तहत 9 करोड़ 6 लाख परिवारों को नि:शुल्क गैस कनेक्शन दिए गए। 80 करोड़ लोगों को मुक्त अनाज दिया जा रहा है। देश में 93 हजार जन औषधि केंद्र खोले गए हैं। 23 करोड़ 2 लाख किसानों को सम्मान निधि दी जा रही है। 93 हजार किमी. देश में सडक़ बनाई गई हैं। इसके अलावा ऐसी कई योजनाएं हैं जिससे देश का विकास हुआ है।
- Also Read – बच्चों ने एक साथ साइकिल चलाने लगाया Desi Jugaad
भाजपा जिलाध्यक्ष बबला शुक्ला ने बताया कि 9 साल सेवा सुशासन और गरीब कल्याण के रूप में मनाया जा रहा है। 30 मई से 30 जून तक मोदी सरकार की उपलब्धि जनता तक पहुंचाने कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कार्यक्रम के तहत आज केंद्रीय पेट्रोलियम राज्यमंत्री रामेश्वर तेली बैतूल प्रवास पर हैं। पत्रकारवार्ता के बाद ताप्ती दर्शन, विकास तीर्थ, व्यापारी सम्मेलन, हर घर, हर वर्ग के व्यक्ति से मिलना, उनके कार्यक्रम में शामिल है। 200 करोड़ रुपए से ऊपर के जो कार्य हुए हैं उन्हें विकास तीर्थ का नाम दिया है। जिनमें पारसडोह डेम और घोघरी डेम इन डेमों से किसानों की तकदीर बदल गई है। इनको भी देखने श्री तेली जाएंगे।
पत्रकारवार्ता के दौरान पूर्व सांसद हेमंत खण्डेलवाल, असम के प्रदेशमंत्री श्री मानस, महाजनसंपर्क अभियान के संभागीय मीडिया प्रभारी मिलन भार्गव, महाजनसंपर्क अभियान के लोकसभा प्रभारी बसंत माकोड़े, भाजपा के जिलामंत्री सुधाकर पंवार, अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश मीडिया प्रभारी अबीजर बोहरा, भाजपा मीडिया प्रभारी सूर्यदीप त्रिवेदी, युवा नेता राजा सूर्यवंशी सहित अन्य भाजपा के पदाधिकारी मौजूद थे।





