BCCI on Gautam Gambhir: जब से गौतम गंभीर टीम इंडिया के हेड कोच बने हैं, तब से टेस्ट क्रिकेट में भारतीय टीम का प्रदर्शन लगातार गिरता नजर आ रहा है। घरेलू मैदान पर न्यूजीलैंड से ऐतिहासिक हार और फिर ऑस्ट्रेलिया में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी गंवाना, फैंस और एक्सपर्ट्स दोनों के लिए बड़ा झटका रहा। इन नतीजों के बाद गंभीर की कोचिंग पर सवाल उठना लाजमी था।
साउथ अफ्रीका से हार ने बढ़ाई चिंता
टेस्ट क्रिकेट में टीम इंडिया का किला माने जाने वाले घरेलू मैदान पर साउथ अफ्रीका ने सेंध लगा दी। भारत को सीरीज में 2-0 से हार का सामना करना पड़ा। दूसरे टेस्ट में तो टीम इंडिया को 408 रनों से करारी शिकस्त मिली, जो रनों के लिहाज से अब तक की सबसे बड़ी हारों में से एक है। इस हार ने आलोचनाओं को और तेज कर दिया।
कोच बदलने की अफवाहों ने पकड़ा जोर
खराब नतीजों के बीच यह चर्चा तेज हो गई कि गौतम गंभीर की जगह VVS लक्ष्मण को टेस्ट टीम का नया कोच बनाया जा सकता है। सोशल मीडिया से लेकर क्रिकेट गलियारों तक, हर जगह कोचिंग बदलाव की बातें होने लगीं। फैंस भी जानना चाहते थे कि क्या BCCI कोई बड़ा फैसला लेने वाली है।
BCCI ने पहली बार दिया साफ जवाब
इन तमाम अफवाहों पर अब BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने खुलकर बयान दिया है। उन्होंने साफ कहा कि गौतम गंभीर को हटाने को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई है। इंडिया टुडे से बातचीत में उन्होंने कहा, “गंभीर को लेकर कोई मीटिंग नहीं हुई और न ही किसी दूसरे कोच से संपर्क किया गया है। ये सब सिर्फ अफवाहें हैं।”
फिलहाल सुरक्षित है गंभीर की कुर्सी
BCCI ने यह भी स्पष्ट किया कि गौतम गंभीर अपने कॉन्ट्रैक्ट के मुताबिक काम करते रहेंगे और कोचिंग स्टाफ में किसी तरह के बदलाव की फिलहाल कोई योजना नहीं है। बोर्ड गंभीर को पूरा समय और समर्थन देना चाहता है ताकि टीम टेस्ट क्रिकेट में फिर से पटरी पर लौट सके।
टेस्ट क्रिकेट में टीम इंडिया की असली चुनौती
रोहित शर्मा और विराट कोहली के संन्यास के बाद बैटिंग ऑर्डर कमजोर नजर आ रहा है। स्पिन के खिलाफ बल्लेबाजों की परेशानी साफ दिख रही है। ऐसे में आने वाला वक्त गौतम गंभीर और टीम इंडिया दोनों के लिए कड़ी परीक्षा साबित होने वाला है।





