खबरवाणी
निर्भया दिवस पर महिलाओं की सुरक्षा एवं सशक्तिकरण हेतु जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
बुरहानपुर,
मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड के सहयोग से फिफ्थ डायमेंशन एकेडमी द्वारा संचालित “महिलाओं हेतु सुरक्षित पर्यटन स्थल परियोजना” के अंतर्गत कार्यरत पर्यटन सखियों की संस्था की प्रोजेक्ट मैनेजर श्रीमती अंकिता शर्मा के नेतृत्व में निर्भया दिवस के अवसर पर शहर के दो प्रमुख स्कूलों में विशेष जागरूकता एवं प्रेरणा कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम मौलाना अब्दुल कलाम आजाद हायर सेकेंडरी स्कूल तथा शासकीय सुभाष उत्कृष्ट विद्यालय में संपन्न हुए। इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को महिलाओं के खिलाफ हिंसा के प्रति जागरूक करना, निर्भया दिवस के महत्व को समझाना तथा उन्हें निर्भीक होकर जीवन जीने के लिए सशक्त बनाना था।
कार्यक्रम में छात्राओं को विस्तार से बताया गया कि निर्भया दिवस क्यों मनाया जाता है, इसके पीछे का दर्दनाक इतिहास क्या है तथा लड़कियों को स्वयं की रक्षा के लिए आत्मरक्षा (सेल्फ डिफेंस) प्रशिक्षण क्यों आवश्यक है। साथ ही, निर्भीक जीवन जीने के व्यावहारिक तरीकों पर चर्चा की गई।
मौलाना अब्दुल कलाम आजाद हायर सेकेंडरी स्कूल में श्री नौशाद सर ने छात्राओं को आत्मरक्षा एवं सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की।
शासकीय सुभाष उत्कृष्ट विद्यालय में प्रिंसिपल श्री प्रवीण हुसैन तथा अध्यापिका श्रीमती मंजू शाह ने सभी छात्राओं को प्रेरक उद्बोधन दिया। उन्होंने निर्भया दिवस के पीछे के कारणों, इसकी आवश्यकता तथा महिलाओं की सुरक्षा की महत्ता पर गहन प्रकाश डाला।
प्रोजेक्ट मैनेजर श्रीमती अंकिता शर्मा, श्रीमती सीमा चौधरी, श्रीमती रूपाली तथा अन्य पर्यटन सखियों ने कार्यक्रम में सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने बुरहानपुर में चल रही इस महत्वाकांक्षी परियोजना के बारे में विस्तृत जानकारी दी, छात्राओं से परियोजना से जुड़ने की सहमति ली तथा बताया कि शीघ्र ही बुरहानपुर में टूरिस्ट फैसिलिटेटर सेंटर का उद्घाटन होने वाला है। इस सेंटर के खुलने से शहर में महिला पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी तथा वे स्थानीय व्यंजनों एवं स्मृति चिन्हों (सौवेनिर) को आसानी से प्राप्त कर सकेंगी।
निर्भया दिवस के अवसर पर सभी छात्राओं को प्रेरक भाषणों के माध्यम से उनके अंतर्मन के भय को दूर करने का सफल प्रयास किया गया। कार्यक्रम के समापन में श्रीमती अंकिता शर्मा ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं छात्राओं का आभार व्यक्त किया।
अंत में एक जागरूकता रैली भी निकाली गई, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
यह पहल न केवल महिलाओं की सुरक्षा एवं सशक्तिकरण को बढ़ावा दे रही है, बल्कि पर्यटन क्षेत्र में स्थानीय महिलाओं को रोजगार एवं सम्मान प्रदान करने की दिशा में भी एक सराहनीय कदम है। इस परियोजना के माध्यम से बुरहानपुर को महिला पर्यटकों के लिए अधिक सुरक्षित एवं आकर्षक गंतव्य बनाने का प्रयास जारी है।





