खबरवाणी
ताप्ती सरोवर में आने वाले जलमार्ग से अतिक्रमण हटाने कमिश्नर से लगाई गुहार
मुलताई पहुंचे कमिश्नर ने तहसील कार्यालय का किया निरीक्षण
मुलताई। पवित्र नगरी में रेल्वे स्टेशन रोड किनारे से बहकर ताप्ती सरोवर में आने वाले जलमार्ग से चिन्हित अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर गुरुवार को जन आंदोलन मंच के अनिल सोनी ने तहसील कार्यालय का निरीक्षण करने मुलताई पहुंचे कमिश्नर केजी तिवारी को आवेदन सौंप कर अतिक्रमण हटाने की मांग की है। अनिल सोनी द्वारा कमिश्नर को सौपे आवेदन में बताया रेल्वे स्टेशन रोड किनारे से ताप्ती सरोवर में आने वाले जलमार्ग पर प्रशासन द्वारा अतिक्रमण चिन्हित किया गया है। उन्होंने आवेदन में तत्कालीन एसडीएम अनिता पटेल पर आरोप लगाया की अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में अतिक्रमण नहीं हटाने के नाम पर भ्रष्टाचार कर कार्यवाही रोक दी थी। जिसकी चर्चा नगर में थी। उन्होने ताप्ती जलमार्ग के चिन्हित अतिक्रमण को हटाने के निर्देश देने की मांग की है।जिस पर कमिश्नर द्वारा आश्वासन दिया गया।इस दौरान श्री तिवारी ने तहसील कार्यालय का निरीक्षण भी किया। उनके साथ कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी भी उपस्थिति थे।
बिना सूचना वकालत नामे के हो रहे आदेश.
मुलताई पहुंचे कमिश्नर श्री तिवारी को अधिवक्ता संघ अध्यक्ष चंद्रशेखर चंदेल ने बताया राजस्व न्यायालय के प्रकरणो में बिना वकालत नामा और बिना सूचना के आदेश हो जाते है, अधिवक्ताओ को पता ही नहीं चलता।वहीं थाने से आने वाले 151 के प्रकरणो में कर्मचारी पैसा लेकर जमानत करा देते है।जिससे वकीलों को काम नहीं मिला पाता।
कृषि मंडी में उपज का समर्थन मूल्य मिले
अधिवक्ताओ ने कमिश्नर श्री तिवारी को बताया की मुलताई मंडी हमेशा बंद रहती है. किसानो की फ़सल समर्थन मूल्य नहीं बिक पाती है। अन्य जिलों की अपेक्षा मुलताई के किसानो को फसलों का कम मूल्य मिला पा रहा है। बाहर से आए व्यापारी किसानो से 50 किलो उपज खरीदकर 48 किलो का भुगतान करते है।किसानो को मक्का भी कम दम मिला रहा है।





