Amrood Papad Easy Recipe: सर्दी का मौसम हो और अमरूद न खाया जाए, ऐसा भला कैसे हो सकता है। अमरूद स्वाद में ही नहीं, सेहत में भी भरपूर होता है। कब्ज से राहत से लेकर पेट की सेहत को दुरुस्त रखने तक, अमरूद के फायदे अनगिनत हैं। इसी अमरूद से बनता है एक बेहद स्वादिष्ट और अनोखा स्नैक – अमरूद पापड़। मास्टरशेफ पंकज भदौरिया की यह आसान रेसिपी बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को बेहद पसंद आएगी।
अमरूद पापड़ खाने के फायदे – स्वाद के साथ सेहत भी
अमरूद में फाइबर, विटामिन C और एंटीऑक्सिडेंट भरपूर मात्रा में होते हैं। रोज़ाना इसका सेवन पेट को दुरुस्त रखता है और इम्युनिटी भी बढ़ाता है। अमरूद पापड़ उन लोगों के लिए खास है जिन्हें बार-बार भूख लगती है और मीठा खाने का मन करता है। यह घर पर बनने वाला हेल्दी स्नैक होता है जिसे लंबे समय तक स्टोर भी किया जा सकता है।
अमरूद पापड़ बनाने के लिए ज़रूरी सामग्री
- अमरूद – 3
- पानी – आधा कप
- चीनी – आधा कप
- नींबू का रस – आधा चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर – 1 चम्मच
- फूड कलर – एक चुटकी
- मक्खन – 1 चम्मच
इन आसान और रोज़ाना घर में मिलने वाली चीज़ों से आप स्वादिष्ट अमरूद पापड़ झटपट तैयार कर सकते हैं।
स्टेप बाय स्टेप अमरूद पापड़ बनाने की रेसिपी
- सबसे पहले पके हुए अमरूद लें और अच्छी तरह धो लें।
- अमरूद को मध्यम आकार में काटकर आधा कप पानी डालकर कुकर में 2 सीटी आने तक पकाएं।
- ठंडा होने पर अमरूद को मिक्सी में डालकर बारीक पीस लें और चाहे तो छान भी सकते हैं।
- एक पैन गरम करें और इसमें तैयार प्यूरी डालकर चलाएं।
- अब चीनी, नींबू का रस, काला नमक, लाल मिर्च और थोड़ा सा नमक डालकर पकाते रहें।
- मिश्रण गाढ़ा होने लगे तो फूड कलर और अंत में मक्खन डालकर अच्छी तरह मिलाएं।
- अब एक थाली को तेल लगाकर ग्रीस करें और तैयार प्यूरी को समान रूप से फैला दें।
- ठंडा होने पर इसे चाकू से काटकर टुकड़ों में निकाल लें।
अमरूद पापड़ परोसें और सर्दियों में पाएं नया स्वाद
अमरूद पापड़ तैयार है—मीठा, हल्का खट्टा और बिल्कुल देसी स्वाद से भरपूर। इसे आप स्नैक की तरह बच्चों को दे सकते हैं या चाय के साथ भी परोस सकते हैं। यह सर्दियों में बनने वाली एक परफेक्ट होममेड ट्रीट है।





