खबरवाणी
आमला आईपीएल की तर्ज पर शुरू हुआ क्रिकेट का महाकुंभ, दूधिया रोशनी में चौके-छक्कों की बरसात
खिलाड़ियों पर लगी बोली: 12 ऑनर्स की टीमों के बीच छिड़ी जंग, विजेता को मिलेंगे 51 हजार रुपए
आमला। स्थानीय रेलवे स्टेडियम में खेल प्रेमियों का उत्साह उस समय चरम पर पहुँच गया, जब ‘आमला तहसील कप’ रात्रिकालीन टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य आगाज हुआ। स्वर्गीय श्रीमती गनिता बाई ऊईके की स्मृति में ओम साईं टेंट के तत्वावधान में आयोजित इस टूर्नामेंट ने पूरे नगर को क्रिकेट के खुमार में डुबो दिया है।
नीलामी ने बढ़ाया रोमांच, 12 टीमों में मुकाबला
इस प्रतियोगिता की सबसे बड़ी खासियत इसका स्वरूप है। आईपीएल की तर्ज पर खिलाड़ियों की बोली लगाकर 12 ऑनर्स ने अपनी-अपनी टीमें तैयार की हैं। खिलाड़ियों की नीलामी को लेकर क्षेत्र के युवाओं में पिछले कई दिनों से खासा उत्साह देखा जा रहा था। आयोजन समिति का मानना है कि इस अनोखे प्रारूप से न केवल खेल का स्तर सुधरेगा, बल्कि खिलाड़ियों को अपनी सही वैल्यू का भी अहसास होगा।
दूधिया रोशनी से जगमगाया स्टेडियम
रात्रिकालीन मैच होने के कारण रेलवे स्टेडियम में फ्लड लाइट्स की विशेष व्यवस्था की गई है। मैदान की जगमगाहट और दर्शकों का शोर किसी अंतरराष्ट्रीय मैच जैसा अहसास करा रहा है। प्रतियोगिता का शुभारंभ नगरपालिका उपाध्यक्ष किशोर माथनकर ने फीता काटकर किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से तहसील स्तर की छिपी हुई प्रतिभाओं को बड़ा मंच मिलता है। खेलों से अनुशासन और टीम भावना का विकास होता है।
इनामों की बौछार: विजेता को 51 हजार
प्रतियोगिता में जीत हासिल करने वाली टीम को 51 हजार रुपये नकद और चमचमाती ट्रॉफी दी जाएगी, वहीं उपविजेता टीम को 25 हजार रुपये और ट्रॉफी से नवाजा जाएगा। आकर्षक इनाम और सम्मान की चाह में हर टीम मैदान पर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने को बेताब है।
इस सफल आयोजन में समिति के मुख्य सदस्य राकेश धामोडे, गन्नू ठाकुर, अमित यादव, गोल्डी ठाकुर और वासु तेजी सहित पूरी टीम सक्रिय भूमिका निभा रही है। आने वाले दिनों में यहाँ कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे, जिन्हें लेकर शहरवासियों में भारी उत्सुकता है।।





