खबरवाणी
महाशिवरात्रि पर भव्य शिव बारात, विधायक ने की अगवानी
माता मोहल्ला शंकर मंदिर से निकली बारात, जयमाला व महाआरती में उमड़ा जनसैलाब
भौंरा। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर माता मोहल्ला, बीजादेही रोड स्थित शंकर मंदिर में श्रद्धा और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। शाम के समय भगवान भोलेनाथ की भव्य बारात मंदिर परिसर से धूमधाम के साथ निकाली गई, जो सीमेंट रोड, बस स्टैंड मार्ग होते हुए पुनः मंदिर पहुंची।
बारात के मंदिर पहुंचने पर क्षेत्रीय विधायक गंगा सज्जन सिंह उइके ने भगवान भोलेनाथ की अगवानी कर आरती उतारी। इस अवसर पर शिव और माता पार्वती का स्वरूप दो नन्हे बच्चों को दिया गया था, जिनकी आरती कर विधायक ने आशीर्वाद लिया। मंदिर परिसर हर-हर महादेव और पार्वती पतये हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा। बारात के समापन पर शिव-पार्वती की पारंपरिक जयमाला का आयोजन किया गया। जयमाला होते ही श्रद्धालुओं ने तालियों और जयकारों के साथ बारात का स्वागत किया। इसके पश्चात भव्य महाआरती का आयोजन हुआ, जिसमें सैकड़ों महिला-पुरुष एवं बच्चों ने सहभागिता निभाई। पूरे मंदिर को आकर्षक फूलों और रंग-बिरंगी सजावट से सुसज्जित किया गया था, जिससे वातावरण भक्तिमय और आलौकिक प्रतीत हो रहा था। शिव बारात में शामिल श्रद्धालु नाचते-गाते हुए नगर भ्रमण करते रहे, जिससे उत्सव का माहौल देर रात तक बना रहा।
कार्यक्रम के समापन पर प्रसादी वितरण किया गया। प्रसादी में साबूदाने की खिचड़ी सहित अन्य व्यंजनों का वितरण किया गया, जिसे श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक ग्रहण किया। इस अवसर पर विधायक गंगा सज्जन सिंह उइके ने कहा कि मुझे भगवान भोलेनाथ की शिव बारात में सम्मिलित होने एवं अगवानी करने का शुभ अवसर प्राप्त हुआ, यह मेरे लिए सौभाग्य की बात है। महाशिवरात्रि आस्था और आत्मचिंतन का पर्व है। ऐसे आयोजन समाज में एकता और सद्भाव को मजबूत करते हैं। मैं इस भव्य आयोजन के लिए मंदिर समिति और समस्त नगरवासियों को हार्दिक बधाई देता हूं।





