खबरवाणी
भौंरा में भगवान सहस्त्रबाहु जयंती पर निकली भव्य शोभायात्रा, समाज के सैकड़ों लोगों ने लिया हिस्सा
मुख्य अतिथि हंस राय ने कहा,कलचुरी समाज ने सदा दिया एकता और समरसता का संदेश
कार्यक्रम में स्पनिश जायसवाल और आशीष मालवीय को उपाध्यक्ष पद की मिली जिम्मेदारी
भौंरा । कलचुरी वंश के प्रर्वतक राजराजेश्वर भगवान श्री सहस्त्रबाहु अर्जुन जी की जयंती के उपलक्ष्य में रविवार को विजय मंगल भवन भौंरा में कलचुरी कलार समाज द्वारा भव्य शोभायात्रा और पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समाज के सैकड़ों लोगों की उपस्थिति में यह आयोजन श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक एकता का प्रतीक बन गया। शोभायात्रा का शुभारंभ दोपहर 2 बजे हुआ। रथ पर भगवान सहस्त्रबाहु जी का छायाचित्र विराजमान था, जिसकी पूजा-अर्चना कर यात्रा का आरंभ हुआ। समाज के महिला-पुरुष, बुजुर्ग और युवाओं ने पारंपरिक परिधान धारण कर नगर के प्रमुख मार्गों से जयघोष के साथ शोभायात्रा निकाली। रास्ते में जगह-जगह समाजजनों और नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश संगठन मंत्री हंस जी राय नर्मदापुरम, जिला संरक्षक प्रेमशंकर मालवीय, जिला अध्यक्ष मनोज आर्य, जिला संयोजक राजेन्द्र जयसवाल, जित्तू पटेल, सहित कई गणमान्य अतिथि मंचासीन रहे। विशेष अतिथि के रूप में नवनीत मालवीय, निर्देश मटरेले, धमेन्द्र पटेल ने उपस्थिति दर्ज कराई। शाम 5 बजे भगवान सहस्त्रबाहु जी की चालीसा और आरती का आयोजन किया गया, इसके पश्चात शाम 7:30 बजे से अतिथियों का स्वागत और उद्बोधन हुआ। इस अवसर पर समाज में नई नियुक्तियाँ भी की गईं। स्पनिश जायसवाल भौंरा और आशीष मालवीय शाहपुर को समाज का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। दोनों नव-नियुक्त पदाधिकारियों का समाजजनों ने पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया। मुख्य अतिथि हंस राय ने अपने उद्बोधन में कहा कि कलचुरी समाज ने सदा एकता, समरसता और सेवा का संदेश दिया है। भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन जी के आदर्श आज भी समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। हमें अपने पूर्वजों की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए युवाओं को संगठन से जोड़ना होगा, ताकि समाज शिक्षा, रोजगार और सम्मान के क्षेत्र में नई ऊँचाइयाँ छू सके।
अध्यक्ष कृष्ण कुमार मालवीय ने भी कहा किभगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन जी ने समाज में धर्म और न्याय की स्थापना कर जो आदर्श स्थापित किए, वे आज भी हमारे मार्गदर्शक हैं। ऐसे आयोजन समाज में एकता और संस्कारों को सशक्त करते हैं।
कार्यक्रम के संचालन में अध्यक्ष राजेन्द्र मालवीय, उपाध्यक्ष अखिलेश राय, सचिव दिनेश मालवीय, संरक्षक शिवकुमार मालवीय, युवा अध्यक्ष नितिन (मंटू) मालवीय और अध्यक्ष कृष्णकांत मालवीय सहित समाजजनो की भूमिका सराहनीय रही।





