खबरवाणी
दोस्त ने ही शराब पिलाकर की थी एसएएफ के जवान की हत्या
मुलताई। थाना क्षेत्र ग्राम हरदौली में बीते 30 जनवरी को शिव मंदिर के पास मिले विशेष सशस्त्र बल के जवान का शव मिला था। पुलिस द्वारा 4 दिनों में जवान की हत्या का राज खोलते हुए खुलासा किया है, पुलिस जांच में सामने आया है कि जवान की हत्या उसके ही दोस्त ने जवान का सामान हड़पने के लिए की थी। पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने बताया हरदोली में मिले मृतक जवान की पहचान रंजीत पिता जमेदर सरयाम के रूप में हुई है। जो छिंदवाड़ा में 8वीं बटालियन विशेष सशस्त्र बल में पदस्थ था। डहुआ ढाना निवासी सुदामा पिंजारे मृतक जवान का दोस्त था। मृतक रंजीत और सुदामा पिंजारे एक साथ शराब पी रहे थे। इसी दौरान सुदामा की नीयत बदल गई और उसने लूट के इरादे से अपने दोस्त रंजीत सरयाम पर हमला कर उसकी हत्या कर दी।हत्या के बाद आरोपी सुदामा ने साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से मृतक की बाइक को अपने एक अन्य साथी रामदयाल उर्फ़ बबलू ख़वसे परमंडल की मदद से अलग स्थान पर छिपा दिया था।पुलिस द्वारा मुख्य आरोपी सुदामा पिंजारे और उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर मृतक की बाइक सहित बैग भी बरामद की है।





