खबरवाणी
खेत में करंट से किसान की मौत, बेटे और भाई घायल
पानी की मोटर के तार में उतरे करंट से हादसा, पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
भौंरा। पुलिस चौकी भौंरा अंतर्गत ग्राम कुसमेरी में रविवार को खेत में काम करते समय करंट लगने से एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसे बचाने पहुंचे उसके बेटे और भाई घायल हो गए। घटना से गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार ग्राम कुसमेरी निवासी 55 वर्षीय सुरेश इवने अपने खेत में पानी देने के लिए लगी मोटर के पास कार्य कर रहे थे। इसी दौरान मोटर से जुड़े बिजली के तार में अचानक करंट आ गया,जिसकी चपेट में आने से सुरेश गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें बचाने के प्रयास में उनका पुत्र धर्म सिंह तथा भाई सुमत भी करंट की चपेट में आकर घायल हो गए। परिजन एवं ग्रामीण तत्काल उन्हें बाहर निकालकर उपचार के लिए ले गए, लेकिन सुरेश को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही भौंरा पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई करते हुए मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। घायलों का उपचार जारी है। भौंरा पुलिस चौकी प्रभारी नीरज खरे ने बताया कि खेत में पानी की मोटर के लिए अस्थायी रूप से बिजली के तार लगाए गए थे, जिनमें करंट प्रवाहित होने से यह हादसा हुआ। मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।





