खबरवाणी
गैस कटर से दरवाजा काटकर घर में घुसे चोर, 74 वर्षीय वृद्धा के कंगन और चेन ले गए
रात 3 बजे वारदात, कंगन काटने के दौरान वृद्धा के हाथ में लगी चोट; पुलिस आसपास के CCTV खंगाल रही
खबरवाणी न्यूज़ रफीक
सारनी। थाना सारनी क्षेत्र की पाथाखेड़ा चौकी अंतर्गत शोभापुर की क्लब कॉलोनी स्थित थ्री टाइप क्वार्टर नंबर 74-डी गिरिजा के निवास में रात करीब 3 बजे चोरों ने घर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य घर में मौजूद थे। बदमाशों ने घर के पीछे लगे लोहे के दरवाजे को गैस कटर से काटकर अंदर प्रवेश किया और कमरे में सो रही 74 वर्षीय वृद्धा के हाथ से सोने के कंगन जबरन काटकर निकाल लिए। इसके साथ ही बदमाश वृद्धा के गले में पहनी सोने की चेन भी ले गए।
कंगन काटने के दौरान वृद्धा के हाथ में चोट लग गई, जिससे घर में खून के निशान फैल गए। वारदात के बाद बदमाशों ने बाहर निकलने के लिए मुख्य दरवाजे का ताला भी तोड़ दिया। इसी दौरान परिजनों की आहट होने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर पाथाखेड़ा चौकी और सारनी पुलिस मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू की। घर में लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग उपलब्ध नहीं हो पाने के कारण पुलिस अब आसपास के क्षेत्र और बदमाशों के आने-जाने वाले संभावित रास्तों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी हुई है।
एक दिन पहले ही तीन मामलों का हुआ था खुलासा
गौरतलब है कि सारनी पुलिस ने एक दिन पहले ही मोबाइल छीनने, सोने की चैन और मंगलसूत्र झपटमारी के तीन मामलों का खुलासा करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने इन मामलों में लूटा गया सामान भी बरामद किया था। इसके अगले ही दिन शोभापुर क्लब कॉलोनी में चोरी की इस वारदात के सामने आने से क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।





