बताया जा रहा है कि कुछ लोगों ने पवन सिंह के नाम का सहारा लेकर एक बड़े म्यूजिकल शो का झांसा दिया और लाखों रुपये ऐंठ लिए। मामला उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के अतरौलिया थाने में दर्ज हुआ है। शिकायतकर्ता का कहना है कि उसे भरोसा दिलाया गया था कि शो में पवन सिंह खुद परफॉर्म करेंगे, लेकिन बाद में सारा खेल फर्जी निकला।
अमेठी के दिव्यांश सिंह ने दर्ज कराई शिकायत
इस मामले की शिकायत अमेठी जिले के गाजनपुर गांव निवासी दिव्यांश सिंह उर्फ कबीर ने की है। वह पेशे से म्यूजिक आर्टिस्ट हैं और लखनऊ में रहकर गिटार बजाने के साथ-साथ बैंड शो ऑर्गनाइज करते हैं। दिव्यांश का कहना है कि एक इवेंट के दौरान उनकी मुलाकात कुछ लोगों से हुई, जिन्होंने बड़ा शो कराने की बात कही और पवन सिंह को बुलाने का भरोसा दिलाया।
31 दिसंबर 2024 के शो का बना था प्लान
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 31 दिसंबर 2024 को एक बड़ा म्यूजिकल इवेंट कराने की योजना बनी थी। पूरे कार्यक्रम का बजट करीब 14 लाख रुपये बताया गया। दिव्यांश ने आरोप लगाया कि उन्होंने पहले 9 लाख रुपये एडवांस दिए और बाद में 5 लाख 10 हजार रुपये और ट्रांसफर किए। यह रकम निहाल सिंह की मां के खाते में भेजी गई थी। लेकिन शो की तारीख नजदीक आने पर भी कोई ठोस तैयारी नजर नहीं आई।
पवन सिंह के मैनेजर से बात के बाद खुला राज
दिव्यांश का कहना है कि जब उन्हें शक हुआ तो उन्होंने सीधे पवन सिंह की टीम से संपर्क किया। पवन सिंह के मैनेजर ने साफ इंकार कर दिया कि इस तरह की कोई बुकिंग की गई है। इसके बाद आरोपियों के मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ हो गए। तभी दिव्यांश को समझ में आया कि उनके साथ बड़ा खेल हो गया है।
पुलिस जांच में जुटी, अब तक नहीं आया बयान
पीड़ित ने पूरे मामले की शिकायत एसएसपी से की, जिसके बाद अतरौलिया थाने में निहाल सिंह, निशांत सिंह, नितिन सिंह और अमन सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है। वहीं, इस पूरे विवाद पर अभी तक पवन सिंह या उनकी टीम की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
गांव-गिरांव से लेकर शहर तक, पावरस्टार के नाम का जलवा है। ऐसे में उनके नाम पर ठगी का यह मामला चर्चा का बड़ा विषय बन गया है। अब देखना होगा कि जांच में क्या सच्चाई सामने आती है।
Read Also :- 2026 में पापमोचनी एकादशी और मीन संक्रांति का दुर्लभ संयोग





