Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

आयुष मंत्री इंदरसिंह परमार की अध्यक्षता और अर्चना चिटनिस की उपस्थिति में हुई आयुर्वेद महाविद्यालय की साधारण सभा बैठक, 31.52 करोड़ मिली सौगात

By
On:

खबरवाणी

आयुष मंत्री इंदरसिंह परमार की अध्यक्षता और अर्चना चिटनिस की उपस्थिति में हुई आयुर्वेद महाविद्यालय की साधारण सभा बैठक, 31.52 करोड़ मिली सौगात

बुरहानपुर। बुरहानपुर स्थित पं. शिवनाथ शास्त्री शासकीय स्वशासी आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय के सर्वांगीण विकास को लेकर विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) की सक्रिय और प्रभावी भूमिका के चलते संस्थान को बड़ी विकास सौगात मिली है। भोपाल मंत्रालय में आयोजित शासकीय स्वशासी आयुर्वेद महाविद्यालय बुरहानपुर की साधारण सभा की बैठक में उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री श्री इंदर सिंह परमार की अध्यक्षता में संपादित हुई जिसमें महाविद्यालय हेतु आवश्यक मापदंडों की पूर्ति हेतु विस्तार, उन्नयन और चिकित्सालय में रोगियों की सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए 31 करोड़ 52 लाख रुपए के प्रस्ताव की स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक में विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस ने महाविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, अधोसंरचना विकास, चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार तथा आमजन को आयुर्वेद चिकित्सा का अधिकाधिक लाभ दिलाने के लिए जिला चिकित्सालय में भी महाविद्यालय की एक यूनिट प्रारंभ करने संबंधी विभिन्न प्रस्तावों को मजबूती से रखा और क्षेत्र के हित में आवश्यक सुझाव दिए।
आयुष मंत्री इंदर सिंह परमार ने बैठक में कहा कि भारत की प्राचीनतम चिकित्सा विधा आयुर्वेद को हीन भावना से मुक्त होकर स्वाभिमान के साथ आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। उन्होंने महाविद्यालयीन गतिविधियों और स्वास्थ्य सुविधाओं को समाजव्यापी बनाने पर जोर देते हुए कहा कि आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति का लाभ अधिक से अधिक आमजन तक पहुंचना चाहिए। मंत्री श्री परमार ने महाविद्यालय की समस्त सुविधाओं, उपलब्ध उपचार पद्धतियों एवं संस्थान की उपलब्धियों के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए। उन्होंने स्थानीय स्तर पर सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों के उपयोग से महाविद्यालय की सफलताओं की कहानियों को जन-जन तक पहुंचाने पर बल दिया।

महाविद्यालय परिसर विस्तार के लिए 31.52 करोड़ की मंजूरी

एनसीआईएसएम के मापदंडों की पूर्ति एवं संस्थान की अन्य आवश्यकताओं को दृष्टिगत रखते हुए महाविद्यालय परिसर के विस्तार के लिए कुल 31 करोड़ 52 लाख रुपए की स्वीकृति दी गई। इस राशि में 11 करोड़ 56 लाख रुपए से कैंटीन ब्लॉक, इंडोर बैडमिंटन हॉल, जिमनेशियम हॉल, दो पार्किंग शेड, कनेक्टिंग कॉरिडोर, डिसेक्शन हॉल एवं विभागीय उन्नयन कार्य, 19 करोड़ 94 लाख रुपए से चिकित्सालय के प्रथम एवं द्वितीय तल का निर्माण, नवीन ओपीडी हेतु यंत्र-शस्त्र एवं उपकरण स्थापना के लिए 20 लाख रुपए स्वशासी निधि से, महाविद्यालय अप्रोच रोड के लिए राशि बढ़ाकर 1 करोड़ रुपए सहित अन्य विकास कार्यों से महाविद्यालय एवं चिकित्सालय की अधोसंरचना आधुनिक स्वरूप में विकसित होगी और छात्रों व रोगियों दोनों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
बैठक में महाविद्यालय में दो विषयों में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम प्रारंभ करने के लिए एनसीआईएसएम मापदंडों के अनुरूप महाविद्यालय को प्राप्त राशि रुपए 90 लाख से पीजी छात्रों को क्लास रूम निर्माण करने का निर्णय लिया गया। मंत्री श्री परमार ने अकादमिक गुणवत्ता बढ़ाने, शोध गतिविधियों को प्रोत्साहित करने तथा शिक्षक संवर्ग की पूर्ति के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में पिछली साधारण सभा बैठक का पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया और वित्तीय वर्ष 2026-27 के अनुमानित आय-व्यय का अनुमोदन किया गया। साथ ही प्रगतिरत विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए विगत एक वर्ष में श्रीमती चिटनीस विधायक बुरहानपुर द्वारा विधायक निधि से एम्बुलेंस आदि सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आभार व्यक्त कर प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया ।

अर्चना चिटनिस के पूर्व प्रयासों से आयुर्वेद महाविद्यालय को नई पहचान

गौरतलब है कि पूर्व मंत्री एवं विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस लंबे समय से बुरहानपुर आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय के उन्नयन के लिए निरंतर प्रयासरत रही हैं। पूर्व में महाविद्यालय लगभग बंद प्रायः स्थिति में पहुंच गया था, जिसे पुनर्जीवित करने के लिए उन्होंने भवन निर्माण, उपकरण, फर्नीचर एवं अधोसंरचना विकास हेतु लगभग 12 करोड़ रुपए की स्वीकृति दिलाई थी। उन्होंने आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारियों एवं व्याख्याताओं की नियुक्ति कराकर नियमित अध्यापन कार्य प्रारंभ कराया। बाद में जब प्रोफेसरों एवं स्टॉफ की कमी उत्पन्न हुई, तो उनकी प्रतिनियुक्ति समाप्त कराकर पुनः महाविद्यालय में पदस्थापना सुनिश्चित कराई। महाविद्यालय की मान्यता निरंतर बनाए रखने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं आयुष मंत्री इंदरसिंह परमार सहित संबंधित अधिकारियों से निरंतर संवाद कर एनसीआईएसएम मापदण्डों की पूर्ति सुनिश्चित कराई, जिसके परिणामस्वरूप प्रवेश मान्यता पुनः बहाल हो सकी थी।

बुरहानपुर को मिलेगा आयुर्वेदिक शिक्षा और चिकित्सा का नया आयाम

विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस की सक्रिय पहल और सतत प्रयासों से बुरहानपुर का आयुर्वेद महाविद्यालय आधुनिक सुविधाओं से युक्त होकर विकसित हो रहा है। इससे क्षेत्र में आयुर्वेदिक शिक्षा, शोध और चिकित्सा सेवाओं को नई दिशा मिलेगी तथा निमाड़ अंचल के हजारों नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी।
बैठक में अपर सचिव आयुष डॉ. संजय मिश्रा, एनसीआईएसएम नईदिल्ली सदस्य डॉ. सुश्रुत कनौजिया, संभागीय आयुष अधिकारी भोपाल इंदौर प्रधानाचार्य डॉ. जे.पी. चौरसिया, उप-प्रधानाचार्य डॉ. अरविंद पटेल सहित साधारण सभा के अन्य सदस्य एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

दिनांक:- 19 फरवरी 2026
01

For Feedback - feedback@example.com

Related News

Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News