खबरवाणी
आमला अस्पताल में नियुक्तियों पर ‘दाग’: 43 भर्तियों में रिश्वतखोरी के आरोप; किसान संघर्ष समिति ने खोला मोर्चा, जांच तक रोक की मांग
आमला। आमला के सिविल अस्पताल में हाल ही में की गई 43 आउटसोर्सिंग भर्तियों और पिछले पांच वर्षों में रोगी कल्याण समिति के माध्यम से हुए खर्च को लेकर गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। किसान संघर्ष समिति आमला के ब्लॉक अध्यक्ष दिनेश यदुवंशी ने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व आमला को लिखित शिकायत सौंपकर भर्ती प्रक्रिया पर तत्काल रोक, ठेका कंपनी की जांच और रोगी कल्याण समिति के व्यय का उच्च स्तरीय ऑडिट कराने की मांग की है।
आवेदन में कहा गया है कि सिविल अस्पताल आमला में हाल ही में 43 पदों पर आउटसोर्सिंग के माध्यम से की गई भर्तियों में नियमों को ताक पर रखा गया। योग्यता और अनुभव को दरकिनार कर अपात्र व्यक्तियों का चयन किए जाने का आरोप लगाया गया है।
आवेदन में यह भी उल्लेख है कि विश्वसनीय सूत्रों और स्थानीय शिकायतों के अनुसार इन भर्तियों में आर्थिक लेन-देन, यानी रिश्वतखोरी हुई है, जिससे पात्र और स्थानीय शिक्षित युवा रोजगार से वंचित रह गए। आउटसोर्सिंग का ठेका जिस कंपनी को दिया गया, उसकी चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता का अभाव बताया गया है। शिकायत में कहा गया है कि स्थानीय स्तर पर निविदा प्रक्रिया का उचित पालन नहीं किया गया।
दिनेश यदुवंशी ने रोगी कल्याण समिति के माध्यम से विगत पांच वर्षों में खरीदी गई सामग्रियों पर भी सवाल उठाए हैं।





