खबरवाणी
महाशिवरात्रि की राह पर मातम: अधूरी हाईवे परियोजना ने ली जान
धार फोदल ढाबे के पास दोहरा हादसा; बस की टक्कर के बाद एंबुलेंस से कुचलकर श्रद्धालु की मौत, टोल वसूली पर उठे सवाल
भौंरा। नेशनल हाईवे मार्ग पर धार फोदल ढाबे के पास गुरुवार देर रात करीब 2 बजे हुआ दोहरा हादसा केवल एक दुर्घटना नहीं, बल्कि अधूरी नेशनल हाईवे परियोजना और कमजोर सुरक्षा व्यवस्था का दर्दनाक परिणाम बनकर सामने आया। महाशिवरात्रि पर दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं की यात्रा उस समय मातम में बदल गई, जब पहले एक प्राइवेट बस ने पुलिया के पास खड़ी पंचर गाड़ी को टक्कर मारी और कुछ ही देर बाद मौके पर पहुंची 1033 एंबुलेंस की चपेट में आने से 58 वर्षीय संतोष प्रजापति, निवासी कोडमा चिचोली की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार चार वाहन एक साथ पचमढ़ी में महाशिवरात्रि मेले में दर्शन के लिए जा रहे थे। धार फोदल ढाबे के पास एक वाहन पंचर हो गया, जबकि तीन वाहन आगे निकल गए। इसी दौरान छिंदवाड़ा से इंदौर जा रही बस ने पुलिया पार करते समय खड़ी गाड़ी को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बस पुलिया से जा भिड़ी, हालांकि नीचे गिरने से बच गई और बड़ा हादसा टल गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही आगे निकले वाहन लौटकर घटनास्थल पहुंचे। संतोष प्रजापति भी वाहन से उतरकर पंचर गाड़ी के पास खड़े होकर स्थिति देख रहे थे। इसी बीच पुलिस द्वारा बुलवाई गई 1033 एंबुलेंस तेज रफ्तार में मौके पर पहुंची। पुलिया पर पर्याप्त रोशनी और स्पष्ट चेतावनी संकेतक नहीं होने के कारण एंबुलेंस खड़ी गाड़ी से जा टकराई और संतोष प्रजापति उसकी चपेट में आ गए। उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
टक्कर में एंबुलेंस चालक अमित दायमा और ईएमटी सौरभ चौरे भी घायल हुए, जिन्हें पुलिस ने बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। चालक को कमर में चोट आई है और दोनों का उपचार जारी है।
पुलिस चौकी प्रभारी नीरज खरे ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच की जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। शुक्रवार को पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। इस घटना ने नेशनल हाईवे प्रबंधन की तैयारियों और सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण अब भी कई स्थानों पर अधूरा है, पुल और पुलिया पूरी तरह विकसित नहीं हैं, समुचित डायवर्सन नहीं बनाए गए और पर्याप्त चेतावनी बोर्ड भी नहीं लगाए गए। इसके बावजूद कुंडी टोल प्लाजा से टोल वसूली शुरू कर दी गई है। लोगों का आरोप है कि जब सड़क और सुरक्षा इंतजाम अधूरे हैं, तो टोल वसूली किस आधार पर की जा रही है।
महाशिवरात्रि के अवसर पर जहां क्षेत्र से हर वर्ष सैकड़ों वाहन पचमढ़ी दर्शन के लिए निकलते हैं, वहीं इस बार एक परिवार की यात्रा हमेशा के लिए थम गई। धार फोदल ढाबे के पास हुआ यह हादसा अधूरी परियोजना और लचर प्रबंधन की गंभीर चेतावनी है। अब क्षेत्र की जनता जिम्मेदार एजेंसियों से ठोस कार्रवाई और सुरक्षित हाईवे की मांग कर रही





