खबरवाणी
पाथाखेड़ा कोयला खदान क्षेत्र में हड़ताल पूरी तरह सफल
खबरवाणी न्यूज – रफीक
सारनी। कोल इंडिया में चार लेबर कोड लागू किए जाने के विरोध में गुरुवार को पाथाखेड़ा कोयला खदान क्षेत्र में श्रमिकों की हड़ताल पूरी तरह सफल रही। विभिन्न ट्रेड यूनियनों के आह्वान पर खदानों में कामकाज पूरी तरह ठप रहा और कोयला उत्पादन बंद रहा। हड़ताल के चलते क्षेत्र की खदानों में सन्नाटा पसरा रहा।
एटक यूनियन के अध्यक्ष ओमकार शुक्ला एवं महामंत्री श्रीकांत चौधरी ने बताया कि चार लेबर कोड लागू होने से मजदूरों के पुराने हितकारी कानून समाप्त हो जाएंगे और श्रमिकों को गुलामी की ओर धकेलने का प्रयास किया जा रहा है। सीटू यूनियन के अध्यक्ष विवेकानंद एवं महामंत्री गणेश गुजरे ने कहा कि नए लेबर कोड के माध्यम से सरकार ट्रेड यूनियनों के अस्तित्व को खत्म करना चाहती है।
इंटक यूनियन के अध्यक्ष आशिक खान और महामंत्री अतुल सूर्यवंशी ने आरोप लगाया कि लेबर कोड लागू होने से पूंजीपतियों का प्रभाव बढ़ेगा और मजदूरों का शोषण होगा। उन्होंने कहा कि 12 घंटे कार्य व्यवस्था लागू होने की आशंका है, अनुकंपा नियुक्ति और जमीन के बदले नौकरी जैसी व्यवस्थाएं भी प्रभावित होंगी। हड़ताल में एचएमएस यूनियन ने भी समर्थन दिया।
हड़ताल के कारण कोयला उत्पादन पूरी तरह बंद रहा, जिससे पावर प्लांट सारनी को भी नुकसान उठाना पड़ा। कोयले की सप्लाई बाधित रहने से ट्रांसपोर्टरों के ट्रक और डंपर भी खड़े रहे। सभी यूनियनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता खदान के मोर्चे पर मौजूद रहे तथा आंदोलन को सफल बनाने का दावा किया।





