खबरवाणी
लोकतंत्र की दुहाई देने वाले जनता की आवाज दबा रहे: विजय पारधी
सड़क संघर्ष पर भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने
बैतूल। आमला-सारणी लादी सड़क मार्ग की मांग को लेकर युवा कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष विजय पारधी ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से सीधे सवाल उठाते हुए कहा है कि क्या आमला और सारणी जैसे दो बड़े शहरों को सड़क मार्ग से जोड़ने की मांग जनहित का मुद्दा नहीं है? उन्होंने कहा कि जनता की बुनियादी सुविधाओं की मांग को राजनीतिक चश्मे से देखना दुर्भाग्यपूर्ण है।
विजय पारधी ने कहा कि जब-जब जनता अपनी समस्याओं को लेकर आवाज उठाती है, तब उसे दबाने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण की मांग वर्षों से लंबित है, लेकिन समाधान के बजाय आंदोलनकारियों पर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों की बात करने वाले यदि जनहित की आवाज को ही सवालों के घेरे में खड़ा करेंगे तो यह दोहरा मापदंड माना जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस जनप्रतिनिधि होने के नाते उनका कर्तव्य है कि वे जनता की मांग के साथ खड़े रहें। विजय पारधी ने कहा कि जनहित के मुद्दे उठाना यदि किसी को असहज करता है तो यह राजनीतिक सोच का विषय है, लेकिन कांग्रेस जनता की आवाज उठाती रहेगी।
उल्लेखनीय है कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद तेजस्वी सूर्य की कर्नाटक सरकार द्वारा की गई गिरफ्तारी को लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत बताया था। इसी टिप्पणी के संदर्भ में विजय पारधी ने पलटवार करते हुए कहा कि यदि कर्नाटक में किसी नेता की गिरफ्तारी लोकतंत्र के खिलाफ मानी जाती है, तो आमला-सारणी लादी सड़क की मांग को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से आवाज उठाने वाले स्थानीय नागरिकों पर एफआईआर दर्ज करना किस लोकतांत्रिक मूल्य के अनुरूप है?
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल द्वारा की गई पोस्ट को आमला विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे ने भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया है। कांग्रेस नेता विजय पारधी ने इसे स्थानीय जनहित के मुद्दे से ध्यान भटकाने का प्रयास बताया।




