खबरवाणी
महाशिवरात्रि पर छोटा महादेव भोपाली में गुफा दर्शन प्रतिबंध की पुनर्समीक्षा की मांग, कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा
बैतूल जिले में स्थित प्राचीन एवं श्रद्धेय धार्मिक स्थल छोटा महादेव भोपाली में महाशिवरात्रि पर्व के दौरान गुफा दर्शन पर लगाए जा रहे पूर्ण प्रतिबंध की पुनर्समीक्षा की मांग को लेकर मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत घोड़ाडोंगरी के माध्यम से माननीय कलेक्टर बैतूल को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि छोटा महादेव भोपाली क्षेत्र महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव के गुफा स्थित प्रत्यक्ष दर्शन हेतु पहुंचते हैं। गत दो वर्षों से सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए महाशिवरात्रि के दौरान गुफा तक पहुंच पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जा रहा है तथा एलईडी स्क्रीन के माध्यम से वैकल्पिक दर्शन की व्यवस्था की जा रही है, जो कई बार तकनीकी कारणों से बाधित भी हो जाती है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि समाचार पत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिस प्रकार पिछले वर्ष महाशिवरात्रि पर्व के दौरान गुफा दर्शन पर प्रतिबंध लागू किया गया था, उसी प्रकार इस वर्ष भी प्रतिबंध पूर्ववत रहने की संभावना व्यक्त की गई है। उक्त संदर्भ में संबंधित समाचार पत्र की प्रति भी ज्ञापन के साथ संलग्न की गई है।
ज्ञापन में बताया गया कि पूर्व में केवल शिखर पहाड़ी स्थित काला बाबा मार्ग पर ही प्रतिबंध लगाया जाता रहा है, जबकि गुफा दर्शन की परंपरा वर्षों से चली आ रही है तथा वर्ष के अन्य दिनों में दर्शन सामान्य रूप से संचालित रहते हैं।
प्रशासन से अनुरोध किया गया कि पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम—जैसे पुलिस व प्रशासनिक बल की तैनाती, बैरिकेडिंग, कतारबद्ध एवं चरणबद्ध प्रवेश, सीमित संख्या में श्रद्धालुओं को अनुमति, भीड़ प्रबंधन तथा चिकित्सा एवं आपातकालीन सुविधा—के अंतर्गत गुफा दर्शन पर लगाए गए पूर्ण प्रतिबंध की पुनर्समीक्षा कर नियंत्रित एवं सुरक्षित प्रत्यक्ष दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। ज्ञापन में यह भी स्पष्ट किया गया कि अंतिम निर्णय एवं सुरक्षा संबंधी दायित्व पूर्णतः जिला प्रशासन के अधिकार क्षेत्र में रहेगा। ज्ञापन सोपने वालों में जनपद सदस्य प्रदीप विश्वास बीजेपी नेता राकेश वर्मा, सौरभ पारधीअंगद यादव, मदन साहू धीरज चौरे आसाराम वर्मा रंजीत विश्वकर्मा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे






