Budget 2026: बजट 2026 इस बार कई मायनों में खास है। पहली बार आम बजट रविवार, 1 फरवरी 2026 को पेश किया जा रहा है। हालांकि दिन बदल गया है, लेकिन परंपरा नहीं बदली। हर साल की तरह इस बार भी बजट सुबह 11 बजे ही लोकसभा में पेश होगा। खास बात ये भी है कि रविवार होने के बावजूद शेयर बाजार (BSE-NSE) खुले रहेंगे, ताकि बजट का असर तुरंत दिख सके।
नॉर्थ ब्लॉक से होती है बजट डे की शुरुआत
बजट डे की सुबह करीब 8:45 से 9:00 बजे वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण नॉर्थ ब्लॉक से रवाना होती हैं। उनके साथ वित्त राज्य मंत्री और मंत्रालय के टॉप अधिकारी रहते हैं। यहीं मीडिया के सामने पहली फोटो सेशन होती है, जहां अब लाल कपड़े वाली बही-खाता नहीं, बल्कि डिजिटल टैबलेट में बजट दिखाया जाता है। यह परंपरा खुद निर्मला सीतारमण ने 2019 में शुरू की थी।
राष्ट्रपति भवन में दही-चीनी की रस्म
करीब 9:15 बजे वित्त मंत्री राष्ट्रपति भवन पहुंचती हैं और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करती हैं। यहीं से बजट पेश करने की औपचारिक अनुमति मिलती है। एक पुरानी और दिलचस्प परंपरा के तहत राष्ट्रपति वित्त मंत्री को दही-चीनी खिलाती हैं, जिसे शुभ संकेत माना जाता है। माना जाता है कि इससे बजट शुभ और सफल होता है।
संसद में कैबिनेट की आखिरी मुहर
राष्ट्रपति से अनुमति मिलने के बाद वित्त मंत्री सीधे संसद भवन पहुंचती हैं। यहां 10:15 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में एक छोटी लेकिन अहम कैबिनेट बैठक होती है। इस बैठक में बजट को औपचारिक मंजूरी दी जाती है। बिना कैबिनेट की स्वीकृति के बजट पेश नहीं किया जा सकता।
Read Also:केला खाने का सही समय क्या है? जानिए ज्यादा फायदे पाने का देसी तरीका
11 बजे शुरू होता है देश का सबसे अहम भाषण
ठीक 11:00 बजे लोकसभा स्पीकर वित्त मंत्री को बजट पेश करने के लिए आमंत्रित करते हैं। इसके बाद शुरू होता है देश का सबसे अहम भाषण – बजट स्पीच। यह भाषण आमतौर पर 90 मिनट से 2 घंटे तक चलता है। रिकॉर्ड की बात करें तो निर्मला सीतारमण सबसे लंबा बजट भाषण (2 घंटे 42 मिनट) देने का रिकॉर्ड अपने नाम कर चुकी हैं।




