8th Pay Commission Scam Alert: 8वें वेतन आयोग को लेकर देशभर के सरकारी कर्मचारियों में जबरदस्त उत्सुकता है। हर कोई जानना चाहता है कि सैलरी में कितना इजाफा होगा। लेकिन इसी उत्साह का फायदा उठाकर साइबर ठग नया जाल बिछा रहे हैं। गृह मंत्रालय की साइबर सुरक्षा पहल Cyber Dost ने इस फर्जीवाड़े को लेकर अलर्ट जारी किया है। ऐसे में जरा सी लापरवाही आपका बैंक अकाउंट खाली कर सकती है।
‘Salary Calculator’ के नाम पर नया जाल
इन दिनों WhatsApp पर ‘Salary Calculator’ नाम से एक APK फाइल भेजी जा रही है। दावा किया जाता है कि इसे डाउनलोड करके आप 8वें वेतन आयोग के बाद अपनी नई सैलरी का हिसाब लगा सकते हैं। लेकिन असल में यह एक खतरनाक मालवेयर है। जैसे ही आप इस फाइल को इंस्टॉल करते हैं, ठग आपके फोन पर कब्जा जमा लेते हैं।
APK फाइल डाउनलोड करते ही फोन हैक
साइबर अपराधी .APK फाइल के जरिए आपके मोबाइल की निजी जानकारी, बैंक डिटेल्स और यहां तक कि OTP तक एक्सेस कर लेते हैं। इसके बाद चंद मिनटों में खाते से पैसा साफ कर दिया जाता है। कई लोग सैलरी बढ़ने की लालच में बिना सोचे-समझे लिंक पर क्लिक कर रहे हैं और नुकसान उठा रहे हैं।
सरकार कभी WhatsApp पर ऐप नहीं भेजती
साइबर एजेंसियों ने साफ कहा है कि सरकार कभी भी WhatsApp या किसी मैसेजिंग प्लेटफॉर्म के जरिए APK फाइल नहीं भेजती। किसी भी अनजान लिंक या फाइल को डाउनलोड करना भारी पड़ सकता है। अगर सैलरी या वेतन आयोग से जुड़ी जानकारी चाहिए, तो केवल आधिकारिक वेबसाइट्स पर ही भरोसा करें।
Read Also:Ameesha Patel पर गैर-जमानती वारंट: कोर्ट के आदेश पर एक्ट्रेस ने तोड़ी चुप्पी, जानिए पूरा मामला
क्या करें अगर ऐसा मैसेज मिले?
अगर आपके पास भी ऐसा कोई मैसेज आए तो तुरंत डिलीट कर दें और किसी को फॉरवर्ड न करें। अपने साथियों और परिवार वालों को भी इसके बारे में जागरूक करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से पहले दो बार सोचें।
थोड़ी सी सावधानी आपको बड़े आर्थिक नुकसान से बचा सकती है। याद रखें, लालच में आकर एक गलत क्लिक आपकी मेहनत की कमाई पर भारी पड़ सकता है।





