खबरवाणी
सारनी पुलिस ने बड़ी चोरी का किया खुलासा
पांच आरोपी गिरफ्तार, 7.50 लाख का मशरूका बरामद
खबरवाणी न्यूज़ रफीक
सारनी। बगडोना क्षेत्र में हुई बड़ी चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से सोना-चांदी के जेवरात, नकदी, मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल समेत करीब 7 लाख 50 हजार रुपये का मशरूका बरामद किया गया है।
पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री वीरेन्द्र जैन द्वारा जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं गंभीर अपराधों में संलिप्त आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए थे। उक्त निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी एवं एसडीओपी सारणी सुश्री प्रियंका करचाम के मार्गदर्शन में थाना सारणी पुलिस ने यह कार्रवाई की।
घटना का विवरण
थाना सारणी में फरियादी सतीश पिता दयाराम धुर्वे, उम्र 38 वर्ष, निवासी सतपुड़ा आईटीआई के पास ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 01 फरवरी की रात उसके सूने घर में अज्ञात चोरों ने घुसकर चोरी की। सीसीटीवी फुटेज में दो चोर घर के अंदर चोरी करते दिखाई दिए। चोर सोने-चांदी के जेवरात, नकदी 1 लाख 5 हजार रुपये, घड़ियां व अन्य सामान चोरी कर ले गए थे। पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 31/26 धारा 305(ए), 331(4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की।
पूछताछ में खुलासा, एक के बाद एक गिरफ्तारी
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी अनुराग पस्तारिया को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसने अपने साथियों प्रवीण लांजीवार एवं कासिफ उर्फ सोहेल खान के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने मंडीदीप से मुख्य आरोपी कासिफ उर्फ सोहेल खान और प्रवीण लांजीवार को गिरफ्तार किया। चोरी का माल रखने के आरोप में यूसुफ उर्फ बिट्टू खान एवं चंद्रकला लांजीवार को भी गिरफ्तार किया गया।
जप्त सामग्री
आरोपियों के कब्जे से सोने का हार, कंगन, झुमके, चांदी का कमरबंद, पायल, बिछिया, सिक्के, हाथ घड़ियां, मोबाइल फोन, स्प्लेंडर व यामाहा एफजेड मोटरसाइकिल सहित लाखों रुपये का सामान बरामद किया गया है।
पुलिस की सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जयपाल इनवाती, निरीक्षक आबिद अंसारी (फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ), उपनिरीक्षक मनोज उईके, नितिन उईके, प्रधान आरक्षक श्रीराम उईके एवं आरक्षक सुभाष मंडलोई, राकेश करपे, मोहित भाटी, रवि मोहन दरसिमा, लक्ष्मी कश्यप सहित साइबर सेल के आरक्षक राजेंद्र, दीपेंद्र और बलराम की सराहनीय भूमिका रही।





