सनी देओल की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘Border 2’ 23 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। रिलीज के साथ ही फिल्म ने दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह पैदा किया। देशभक्ति, दमदार डायलॉग्स और सनी देओल के गुस्से वाले अवतार ने फैंस को थिएटर तक खींच लिया। फिल्म में सनी देओल के साथ वरुण धवन, अहान शेट्टी और दिलजीत दोसांझ जैसे सितारे भी अहम किरदारों में नजर आए हैं, जिसकी वजह से फिल्म को मल्टी-जनरेशन ऑडियंस का सपोर्ट मिला।
शानदार ओपनिंग, पहले दिन से ही रिकॉर्ड तोड़ कमाई
‘Border 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर ओपनिंग के साथ ही तगड़ा धमाका किया। फिल्म ने पहले दिन ही 30 करोड़ रुपये कमा लिए। दूसरे दिन कमाई बढ़कर 36.5 करोड़ तक पहुंच गई। वीकेंड आते-आते फिल्म ने रफ्तार पकड़ ली और तीसरे दिन 54.5 करोड़, जबकि चौथे दिन रिकॉर्ड तोड़ 59 करोड़ रुपये की कमाई कर डाली। इन आंकड़ों ने साफ कर दिया कि फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त क्रेज है।
पहले हफ्ते में 224 करोड़ का आंकड़ा किया पार
अगर पहले हफ्ते की बात करें तो ‘Border 2’ ने कुल मिलाकर 224.25 करोड़ रुपये का शानदार कलेक्शन किया। यह आंकड़ा किसी भी बड़े बजट की बॉलीवुड फिल्म के लिए मजबूत माना जाता है। खासतौर पर रिपब्लिक डे के आसपास रिलीज होने का फायदा फिल्म को मिला और देशभक्ति के माहौल ने इसकी कमाई को और हवा दी।
दूसरे हफ्ते में आई गिरावट, कमाई हुई सुस्त
हालांकि दूसरे हफ्ते में आते ही फिल्म की कमाई की रफ्तार थोड़ी थम सी गई। जैसे-जैसे दिन बीतते गए, कलेक्शन में गिरावट देखने को मिली। 13वें दिन यानी 4 फरवरी को फिल्म सिर्फ 4 करोड़ रुपये ही कमा पाई। यह साफ दिखाता है कि शुरुआती क्रेज अब धीरे-धीरे कम हो रहा है, हालांकि फिल्म अब भी सिनेमाघरों में टिकी हुई है।
कुल कलेक्शन 290.75 करोड़, कैमियो ने लूटी वाहवाही
अब तक ‘Border 2’ का कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 290.75 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। फिल्म में अक्षय खन्ना और सुनील शेट्टी के कैमियो रोल्स ने दर्शकों को खासा प्रभावित किया और सोशल मीडिया पर ये सीन खूब वायरल हुए। बता दें कि ओरिजिनल फिल्म ‘Border’ साल 1997 में रिलीज हुई थी और करीब 29 साल बाद इसका सीक्वल बड़े पर्दे पर आया है। अब देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले दिनों में ‘Border 2’ 300 करोड़ क्लब में एंट्री कर पाती है या नहीं।
Read Also :- Budget 2026: क्या है Bio Mix CNG? टैक्स छूट के बाद सस्ती होगी ड्राइविंग, जानिए पूरी डिटेल




