कई बार किस्मत ऐसे दरवाज़े खोल देती है जिसकी किसी को उम्मीद भी नहीं होती। ऐसा ही एक हैरान कर देने वाला मामला चीन के एक गांव से सामने आया है, जहां एक किसान की साधारण सी बतख ने उसे अचानक अमीर बना दिया। यह कहानी सुनकर लोगों को पुरानी कहावत “सोने के अंडे देने वाली मुर्गी” जरूर याद आ रही है, लेकिन यहां मामला थोड़ा अलग है। यहां मुर्गी नहीं बल्कि एक बतख के पेट से सोना निकल आया।
खाना बनाने के लिए काटी बतख, अंदर दिखी चमचमाती चीज
चीन के लॉन्घुई काउंटी के एक गांव में रहने वाले किसान लियू ने अपने घर की बतख को पकाने के लिए काटा था। जब उसने बतख का पेट खोला तो अंदर कुछ चमकती हुई छोटी-छोटी कण जैसी चीजें दिखीं। शुरुआत में उसे लगा कि यह कोई साधारण पत्थर या मिट्टी होगी। लेकिन जब उसने जिज्ञासा में आकर उन्हें घर पर जलाकर जांचा तो पता चला कि यह असली सोना है। यह देखकर लियू और उसका परिवार पूरी तरह दंग रह गया।
करीब 10 ग्राम सोना निकला, लाखों की कीमत
जांच करने पर पता चला कि बतख के पेट से निकले सोने के कणों का कुल वजन लगभग 10 ग्राम है। स्थानीय बाजार के हिसाब से इसकी कीमत करीब 12,000 युआन बताई गई, जो भारतीय मुद्रा में लगभग 1.6 लाख रुपये के बराबर है। एक साधारण किसान के लिए यह किसी लॉटरी लगने से कम नहीं था। गांव के लोगों के बीच भी इस घटना की खूब चर्चा होने लगी।
नदी किनारे घूमती थीं बतखें, वहीं से मिला सोना
लियू ने बताया कि उनके गांव में बतखों को खुला छोड़ दिया जाता है और वे नदी किनारे घूमते-फिरते खाना ढूंढती रहती हैं। गांव के पास बहने वाली चेनशुई नदी कभी सोने की खोज के लिए काफी मशहूर थी। 1970 से 1990 के बीच यहां सोने की खदानें भी थीं और कई लोग खनन का काम करते थे। बाद में सरकार ने निजी खनन पर पूरी तरह रोक लगा दी। माना जा रहा है कि बतख ने नदी किनारे की मिट्टी के साथ सोने के छोटे कण निगल लिए होंगे।
गांव वालों के लिए नई नहीं है ऐसी घटना
लियू के पिता का मानना है कि यह नए साल के लिए एक शुभ संकेत है और परिवार के लिए समृद्धि का प्रतीक है। हालांकि उन्होंने यह भी बताया कि गांव में पहले भी कभी-कभी बतखों के पेट से सोने के छोटे कण मिलने की बातें सुनने में आई हैं। लेकिन इस बार जितनी मात्रा में सोना मिला, वैसा मामला बहुत ही दुर्लभ है। गांव वाले इसे किस्मत का खेल मान रहे हैं।
किस्मत कब बदल जाए, कोई नहीं जानता
यह घटना एक बार फिर याद दिलाती है कि किस्मत कब और कैसे पलट जाए, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है। एक साधारण सी बतख ने एक किसान की जिंदगी में खुशियों की बारिश कर दी। इसलिए अक्सर बुजुर्ग कहते हैं कि इंसान को कभी उम्मीद नहीं छोड़नी चाहिए, क्योंकि ऊपर वाला कब मेहरबान हो जाए, कोई नहीं जानता।
Read Also :- Shikhar Dhawan की दूसरी शादी: सोफी शाइन के लहंगे ने लूटी महफ़िल





