देश के गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आज पतंजलि इमरजेंसी एंड क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल का उद्घाटन किया। यह अस्पताल दुनिया का पहला ऐसा इंटीग्रेटेड हाइब्रिड हॉस्पिटल है, जहां योग, आयुर्वेद और आधुनिक चिकित्सा पद्धति को एक साथ जोड़कर इलाज किया जाएगा। इस पहल को भारत की स्वास्थ्य व्यवस्था में एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।
दुनिया का पहला इंटीग्रेटेड हाइब्रिड अस्पताल
पतंजलि योगपीठ द्वारा संचालित यह अस्पताल पूरी तरह से इंटीग्रेटेड मेडिसिन सिस्टम पर आधारित है। यहां मरीजों को एलोपैथी के साथ-साथ योग, आयुर्वेद, प्राकृतिक चिकित्सा और पंचकर्म का लाभ एक ही छत के नीचे मिलेगा। अमित शाह ने अस्पताल का निरीक्षण करते हुए इसे वैश्विक स्तर पर एक मिसाल बताया।
दो दिवसीय दौरे में हुआ मंथन
अमित शाह अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान पतंजलि योगपीठ में रुके और स्वामी रामदेव तथा आचार्य बालकृष्ण के साथ लंबी चर्चा की। इस दौरान रोग-मुक्त विश्व, सनातन जीवनशैली, शिक्षा और चिकित्सा को वैश्विक मंच पर स्थापित करने जैसे विषयों पर गहन मंथन हुआ। गृह मंत्री ने पतंजलि के भविष्य के विजन की भी सराहना की।
स्वामी रामदेव का बड़ा दावा
स्वामी रामदेव ने कहा कि इस अस्पताल में 90 से 99 प्रतिशत मरीजों का इलाज बिना सर्जरी योग और आयुर्वेद से किया जाएगा। उन्होंने बताया कि बीमारियों की जड़ तनाव, सूजन और शरीर की अशुद्धि है। यहां शिरोधारा, नस्य, बस्ती, शंख प्रक्षालन, पंचकर्म और यज्ञ चिकित्सा जैसी पद्धतियों से शरीर की शुद्धि की जाएगी।
आधुनिक इलाज भी पूरी तरह उपलब्ध
इस हाइब्रिड अस्पताल में कार्डियोलॉजी विभाग के तहत एंजियोप्लास्टी, बायपास सर्जरी और पेसमेकर की सुविधा भी मौजूद है। हालांकि पतंजलि का प्रयास रहेगा कि मरीज को इनकी जरूरत ही न पड़े। हृदय रोग, डायबिटीज, बीपी, थायरॉइड, किडनी और लिवर से जुड़ी बीमारियों को प्राकृतिक तरीकों से रिवर्स करने पर जोर दिया जाएगा।
Read Also:iPhone 18 Pro में अब तक का सबसे बड़ा बदलाव? डिजाइन से लेकर कीमत तक कितना अलग होगा iPhone 17 Pro से
वैश्विक रिसर्च और वैज्ञानिक आधार
स्वामी रामदेव ने बताया कि पतंजलि देश के लगभग 10 AIIMS और दुनिया के 25 बड़े मेडिकल संस्थानों के साथ संयुक्त रिसर्च कर रहा है। 1.38 करोड़ मरीजों का क्लिनिकल डेटा और करोड़ों लोगों का रियल वर्ल्ड एविडेंस पतंजलि के पास मौजूद है, जिससे इसके इलाज की वैज्ञानिक विश्वसनीयता मजबूत होती है।





